राजनंदगांव

राजनांदगांव के ये प्रत्याशी है करोड़पति, लोकसभा चुनाव में खुली पोल…रिपोर्ट देख आपको भी लगेगा झटका

CG Loksabha Chunav 2024: लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 4 अप्रैल है। प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर दिया हैै।
2 min read
• •
Updated: 4 Apr 2024, 1:35 PM IST
bhupesh_vs_santosh_pandey.jpg

Rajnandgaon Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 4 अप्रैल है। प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर दिया हैै। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रैली के साथ मंगलवार को नामांकन जमा किया। वहीं भाजपा प्रत्याशी सांसद संतोष पाण्डेय ने भी एक सेट में नामांकन दाखिल किया है। दोनों ही प्रत्याशियों ने नामांकन के साथ शपथ पत्र में चल-अचल संपत्ति का ब्योरा दिया है।

शपथ पत्र में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खुद के पास करोड़ों की जमीन होेने की जानकारी सार्वजनिक की है। बघेल के पास जीप के साथ ही ट्रैक्टर भी है तो वहीं सांसद पाण्डेय के पास चार पहिया वाहन नहीं है बल्कि स्वयं के नाम पर एक बाइक ही है। हालांकि संपत्ति और नकदी के मामले में दोनों प्रत्याशी करोड़पति तो हैं पर दोनाें ने कर्ज ले रखा है।

पूर्व मुख्यमंत्री बघेल के पास हाथ में नकदी 8 लाख 93 हजार 973 रुपए है। वहीं पत्नी के पास 2 लाख 16 हजार 498 रुपए हैं। भूपेश के पास एक करोड़ 30 लाख 56 हजार रुपए की चल संपत्ति है। जबकि पत्नी के नाम पर 2 करोड़ 79 लाख 62 हजार रुपए की चल संपत्ति दर्शायी गई है। बघेल के पास 21 करोड़ से ज्यादा के जमीन-जायदाद हैं। भूपेश के पास 10 तोला सोना है तो वहीं पत्नी के पास 40 तोला सोना और 21 किलो चांदी है। बघेल ने खुद पर 14 लाख रुपए का कर्ज होना भी दर्शाया है। बघेल के खिलाफ तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। महादेव ऐप्प प्रकरण के साथ ही महामारी अधिनियम और सीडी कांड में आईटी एक्ट और आपराधिक षड़यंत्र का केस दर्ज है।

इसी तरह भाजपा प्रत्याशी संतोष पाण्डेय ने निर्वाचन आयोग को जानकारी दी है कि उनके पास हाथ में नकद 8 हजार रुपए है। पाण्डेय के पास एक करोड़ 94 लाख रुपए की अचल संपत्ति है जबकि पत्नी के पास 75 हजार रुपए हैं और एक करोड़ 80 लाख रुपए की संपत्ति है। नामांकन के साथ इस तरह की जानकारी दी गई है।

सांसद पाण्डेय के नाम पर दो लाख रुपए का कर्ज है तो वहीं पत्नी के नाम से 29 लाख रुपए का कर्ज दर्शाया है। सांसद के पास 120 ग्राम का सोना है तो पत्नी के पास 370 ग्राम सोना है। सांसद पाण्डेय ने अपने आपराधिक प्रकरण की भी जानकारी आयोग को दी है। पाण्डेय के खिलाफ बलवा सहित अन्य मामले में प्रकरण दर्ज बताया गया है। हालांकि इन मामलों में सजा नहीं हुई है। प्रकरण चल रहा है।