राजनंदगांव

PNG Gas Connection: राजनांदगांव में जल्द पाइपलाइन से मिलेगी रसोई गैस, 6 हजार तक होगा कनेक्शन खर्च, महापौर की मौजूदगी में चर्चा

Chhattisgarh Urban Gas Policy 2026: राजनांदगांव में जल्द ही घर-घर पाइपलाइन के जरिए PNG गैस पहुंचाने की तैयारी है। कनेक्शन खर्च करीब 6 हजार रुपए तक होगा। महापौर की मौजूदगी में परियोजना की कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
2 min read
PNG Gas Connection
पाइपलाइन से मिलेगी रसोई गैस (फाइल फोटो- पत्रिका)

PNG Gas Connection: राजनांदगांव जिले के शहरवासियों की रसोई में जल्द ही गैस सिलेंडर की जगह पाइपलाइन दस्तक दे सकती है। छत्तीसगढ़ शहरी गैस नीति 2026 के तहत राजनांदगांव में पाइपलाइन के जरिए प्राकृतिक गैस यानी पीएनजी घर-घर पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है। योजना को लेकर नगर निगम, खाद्य विभाग और गैस एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ महापौर मधुसूदन यादव ने बैठक लेकर कार्ययोजना पर चर्चा की।

महापौर ने कहा कि पाइपलाइन के माध्यम से गैस घर तक पहुंचने से उपभोक्ताओं को सिलेंडर रखने और उसकी बुकिंग कराने की झंझट से राहत मिलेगी। साथ ही गैस की खपत के हिसाब से भुगतान की व्यवस्था होगी। खाद्य अधिकारी रविंद्र सोनी ने बताया कि जिले में वर्तमान में 15 एलपीजी गैस एजेंसियां संचालित हैं और करीब ढाई लाख उपभोक्ता हैं। पीएनजी नेटवर्क का विस्तार होने पर बड़ी संख्या में लोगों को रसोई गैस का वैकल्पिक विकल्प मिलेगा।

कनेक्शन खर्च करीब 6 हजार रुपए तक आने की जानकारी

परियोजना के पहले चरण में अंबेडकर चौक, बसंतपुर चौक, गोकुल नगर, आरके नगर सहित आसपास के विकसित क्षेत्रों को पाइपलाइन के दायरे में शामिल करने की तैयारी है। पुराने शहर और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में फिलहाल पाइपलाइन बिछाने से बचते हुए बाद में नेटवर्क विस्तार की योजना है। प्रत्येक घर में नया पीएनजी कनेक्शन और मीटर लगाया जाएगा। शुरुआती कनेक्शन खर्च करीब 6 हजार रुपए तक आने की जानकारी दी गई है। उपभोक्ता जितनी गैस इस्तेमाल करेगा, उसी के अनुसार हर महीने बिल आएगा। यानी गैस की खपत जितनी, भुगतान भी उतना ही।

ठेलकाडीह से आएगी गैस

अदाणी टोटल गैस लिमिटेड के उप संचालक मंजुल बक्शी ने बताया कि ठेलकाडीह में मुख्य स्टेशन तैयार किया जा रहा है और वहां से राजनांदगांव शहर तक पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। शहर में सब-स्टोरेज स्टेशन के माध्यम से घरों तक पाइपलाइन पहुंचाई जाएगी।

निगम देगा अनुमति

नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने परियोजना को उपभोक्ताओं के लिए लाभकारी बताते हुए कहा कि पीएनजी से सिलेंडर की तुलना में आर्थिक भार कम हो सकता है। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र में परियोजना के क्रियान्वयन के लिए नगर निगम की ओर से नियमानुसार अनुमति की प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ाई जाएगी। बैठक में निगम अध्यक्ष टोपेंद्र सिंह, पार्षद एवं प्रभारी सदस्य आलोक श्रोती सहित संबंधित अधिकारी और एजेंसी प्रतिनिधि मौजूद रहे। योजना के धरातल पर उतरने के बाद राजनांदगांव में रसोई गैस की व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है- सिलेंडर उठाने के बजाय अब पाइपलाइन से सीधे रसोई तक गैस पहुंचने का रास्ता तैयार हो रहा है।

Updated on:
21 Aug 2026 01:39 pm
Published on:
21 Aug 2026 01:39 pm