राजनंदगांव

Rajnandgaon Breaking: तेज रफ्तार हाइड्रा क्रेन ने किसान को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत

Rajnandgaon Accident: तेज रफ्तार हाइड्रा क्रेन ने खेत से घर लौट रहे किसान रूपसिंह पोटाई को कुचल दिया। हादसे में किसान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 11:44 AM IST
Rajnandgaon Breaking
तेज रफ्तार हाइड्रा क्रेन ने किसान को कुचला (Photo Patrika)

Rajnandgaon Breaking: राजनांदगांव के मोहला क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम मोहभट्ठा में गोंडवाना भवन के पास तेज रफ्तार हाइड्रा क्रेन ने पैदल घर लौट रहे एक किसान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में किसान की मौके पर ही मौत हो गई। क्रेन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किसान का सिर बुरी तरह कुचल गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

खेत से वापस लौटने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम मोहभट्ठा निवासी रूपसिंह पोटाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 23 नवंबर की शाम करीब 6 बजे रूपसिंह अपने खेत को देखने के लिए सुवरपाल की ओर गया हुआ था। खेत का काम देखने के बाद वह पैदल ही अपने घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान गांव का ही संजू मंडावी उससे कुछ आगे पैदल चल रहा था। दोनों गांव के गोंडवाना भवन के पास पहुंचे ही थे कि अचानक तेज रफ्तार से आ रही हाइड्रा क्रेन ने रूपसिंह को टक्कर मार दी।

क्रेन की चपेट में आया युवक

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, हाइड्रा क्रेन क्रमांक CG 04 ME 4258 सुवरपाल रोड की ओर से आ रही थी। आरोप है कि क्रेन चालक वाहन को तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और पैदल जा रहे रूपसिंह पोटाई को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही किसान सड़क पर गिर पड़ा और क्रेन की चपेट में आने से उसका सिर बुरी तरह कुचल गया। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद परिवार में पसरा मातम

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। जिस किसान को कुछ देर पहले तक लोग खेत से घर लौटते देख रहे थे, उसकी इस तरह दर्दनाक मौत की खबर से पूरे गांव में शोक छा गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

पुलिस में दर्ज हुई रिपोर्ट

घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल हाइड्रा क्रेन क्रमांक CG 04 ME 4258 और उसके चालक से जुड़े मामले की जांच शुरू की है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और वाहन चालक की लापरवाही किस स्तर पर रही, इसकी जांच की जा रही है।

Updated on:
24 Nov 2026, 11:44 AM IST
Published on: