
Accident News: राजनादगांव जिले के खडग़ांव थाना क्षेत्र में सडक़ पर बिना किसी संकेतक के गलत दिशा में खड़े ट्रक से टकराकर बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम कमकासुर निवासी सुनाराम सलामें (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 30 अक्टूबर को सुनाराम अपनी बाइक क्रमांक सीजी 08 बीसी 2156 से घर कमकासुर से गोदावरी माइंस जा रहा था।
ग्राम खडग़ांव फॉरेस्ट नाका के आगे एनएच-930 पर गलत दिशा में बिना किसी संकेतक के ट्रक क्रमांक सीजी 08 आर 1513 खड़ा था। बाइक सवार ट्रक के सामने हिस्से से टकरा गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खडग़ांव में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। newsup जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 285 और 106(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
वहीं खडग़ांव थाना क्षेत्र के ही ग्राम फुलकोड़ो के पास तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने वाला बाइक चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार फुलकोड़ो निवासी नीरज साहू अपने साथी अनुराग सिन्हा के साथ बाइक से आरटीओ कार्यालय राजनांदगांव गया था। रात करीब 8.30 बजे दोनों घर लौट रहे थे। ग्राम चोरिया-फुलकोड़ो के पास आत्माराम निषाद तालाब किनारे सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सडक़ पर गिरकर घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शी मोहित लाल साहू ने बाइक का नंबर सीजी 08 आरयू 6549 बताया। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।