राजसमंद

Rajasthan News: केमिकल टैंकर में भीषण ब्लास्ट, आग से जिंदा जला चालक, नेशनल हाईवे-58 पर मची अफरा-तफरी

Rajsamand Chemical Tanker Blast: राजसमंद के छापली घाटा में केमिकल से भरा टैंकर पलटते ही आग का गोला बन गया, जिसमें चालक जिंदा जल गया। भीषण आग और धमाकों के चलते हाईवे पर लंबा जाम लग गया और घंटों बाद हालात काबू में आए।

2 min read
May 05, 2026
टैंकर से उठता धुएं का गुबार। फोटो- पत्रिका

देवगढ़। राजसमंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर मंगलवार दोपहर एक भीषण हादसा हुआ, जिसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। दिवेर थाना क्षेत्र के छापली घाटा में केमिकल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया और कुछ ही पलों में आग के विकराल गोले में बदल गया। लपटें इतनी तेज थीं कि चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह केबिन में ही जिंदा जल गया। धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जबकि आसपास के वाहन किसी तरह इसकी चपेट में आने से बच गए।

मौत बनकर दौड़ा टैंकर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उदयपुर से अजमेर जा रहा यह टैंकर अत्यधिक ज्वलनशील केमिकल से भरा हुआ था। छापली घाटा उतरते समय ढलान और तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। टैंकर सड़क पर पलटते ही घर्षण और केमिकल रिसाव से जोरदार धमाका हुआ।

कुछ ही क्षणों में काले धुएं का गुबार आसमान में फैल गया और आग की लपटें करीब 50 फीट तक उठने लगीं। टैंकर का केबिन पूरी तरह आग की चपेट में आ गया। चालक, जिसकी पहचान उदयपुर निवासी सोहनलाल डांगी के रूप में हुई, बाहर निकलने का प्रयास भी नहीं कर सका और भीतर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

हाईवे पर मचा कोहराम

हादसे के समय हाईवे पर सामान्य यातायात चल रहा था। अचानक हुए धमाके और भीषण आग ने राहगीरों में अफरा-तफरी मचा दी। लोग दूर से ही घटना को देखते रहे, क्योंकि आग इतनी तेज थी कि कोई पास जाने की हिम्मत नहीं कर सका।

दो घंटे की जंग के बाद काबू में आई आग

सूचना मिलते ही दिवेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को देखते हुए भीम डीएसपी, देवगढ़ थाना अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि स्थानीय संसाधन पर्याप्त नहीं थे। इसके बाद राजसमंद, आमेट और देवगढ़ से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। फायर ब्रिगेड टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद तीन क्रेनों की मदद से करीब चार घंटे में टैंकर को सीधा किया गया। आग बुझने के बाद टैंकर केवल जले हुए ढांचे में तब्दील हो चुका था।

5-7 किलोमीटर लंबा जाम, यात्रियों की परीक्षा

सुरक्षा के चलते पुलिस ने हाईवे के दोनों ओर यातायात रोक दिया। बीच-बीच में हो रहे छोटे विस्फोटों के कारण यह इलाका 2 से 3 घंटे तक पूरी तरह बंद रहा। इससे दोनों ओर 5 से 7 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। भीषण गर्मी और आग की तपिश के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। देर शाम हालात सामान्य होने के बाद एकतरफा यातायात शुरू किया जा सका।

ये भी पढ़ें

Pali Crime: तांत्रिक के ‘जाल’ में फंसी युवती! आधी रात घर में कर दिया ऐसा कांड, परिवार के उड़े होश
Also Read
View All