
रेलमगरा. क्षेत्र के धनेरियागढ़ गांव के ग्रामीणों को पेयजल को लेकर गंभीर संकट का सामना करना पड़ रहा है। यहां जलदाय विभाग द्वारा सौ घण्टे (हर पांचवें दिन) में एक बार पानी दिया जा रहा है। धनेरियागढ़ में पेयजल आपूर्ति के लिए जल स्त्रोत के नाम पर जलदाय विभाग के पास एकमात्र कुआं है। वर्तमान में इस कुएं का जल स्तर इतना नीचे चला गया है कि अब इससे गांव में पेयजल आपूर्ति संभव नहीं रही। इसको देखते हुए ग्राम पंचायत की ओर से विभाग को गांव में स्थित एक ट्यूबवेल सुपूर्द कर दिया गया। ऐसे में विभाग की ओर से ट्यूबवेल और कुएं से गांव में जल आपूर्ति शुरू कर दी गई, लेकिन अब इन दोनों जल स्त्रोतों में पानी काफी कम रह गया है। इसके चलते विभाग द्वारा पिछले काफी समय से गांव में हर पांचवे दिन जलापूॢत की जा रही है। लेकिन, जितने समय और जितने दबाव से आपूर्ति की जाती है उसमें ग्रामीण मुश्किल से दो बाल्टी जितना पानी ही भर पाते हैं।यह पानी चार दिन तो दूर एक दिन के लिए भी पीने के लिए पर्याप्त नहीं होता। ऐसे में ग्रामीणोंं को पेयजल के लिए हैण्डपंप और निजी कुओं पर भटकना पड़ता है। इन स्थितियों में आने वाले गर्मी के दो माह में गांव में पानी का संकट और बढऩे की आशंका है, जिससे ग्रामीण चिंतित हैं।
22 में 9 हैंडपंप चालु पर पानी कम
गांव में यूं तो 22 हैण्डपंप हैं, लेकिन उनमें से मात्र 9 हैण्डपंप में ही हैं। इनमें से भी कुछ में पानी कम होने से हर समय पानी नहीं उगलते। शेष 13 हैण्डपंप सीजनल हैं, जो बारिश के दिनों में ही पानी देते हैं। ऐसे में करीब पांच हजार से अधिक की आबादी वाला यह गांव पुरी तरह से 9 हैण्डपंपों पर ही आश्रित है।
बिजली के अभाव में अटका नई योजना का पानी
धनेरियागढ़ में पेयजल की समस्या से निपटने के लिए सांसद हरिओमसिंह राठौड़ ने 38 लाख की राशि स्वीकृत की। इससे धनेरिया से जुड़े गांव मेड़ी खेड़ा में कुआं खुदवाया गया। इस कुएं से धनेरियागढ़ तक पाइप लाइन भी डाली जा चुकी है व कुएं में पानी भी पर्याप्त है। लेकिन, यहां बिजली कनेक्शन नहीं हो पाने से जलापूर्ति यहां से शुरू नहीं हो पाई है। यहां से आपूर्ति शुरू होने पर धनेरियागढ़ का पानी संकट काफी हद तक हल हो जाएगा।
कई बार की शिकायत
धनेरियागढ़ में गंभीर पेयजल संकट है, जिसको लेकर विभाग को निराकरण के लिए कई बार अवगत कराया, लेकिन समाधान नहीं हो पाया।
दिलीप मण्डोवरा, सरपंच, ग्राम पंचायत धनेरियागढ़
मेड़ीखेड़ा में नया कुआं खुदवाया गया है एवं पाइप लाइन का कार्य भी पूरा हो चुका है। कुएं पर विद्युत कनेक्शन का आवेदन भी किया जा चुका, लेकिन कनेक्शन नहीं होने से वहां से आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। बिजली कनेक्शन होते ही समस्या का समाधान हो जाएगा।
देवेन्द्र कुमार, कनिष्ठ अभियंता, जलदाय विभाग रेलमगरा