राजसमंद

राज्यपाल बागड़े ने हल्दीघाटी की शौर्य धरा को किया नमन, लगाया तिलक, चेतक समाधि और संग्रहालय का किया अवलोकन

राज्यपाल बागड़े सुबह हल्दीघाटी पहुंचे। उन्होंने प्रताप स्मारक पर पुष्पांजलि की और हल्दीघाटी की मिट्टी को नमन कर तिलक भी लगाया।
2 min read
Feature image
राज्यपाल बागड़े ने हल्दीघाटी की शौर्यधरा को किया नमन, पत्रिका फोटो

Rajsamand: राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े आज राजसमंद दौरे पर हैं। राज्यपाल बागड़े सुबह हल्दीघाटी पहुंचे। उन्होंने प्रताप स्मारक पर पुष्पांजलि की और हल्दीघाटी की मिट्टी को नमन कर तिलक भी लगाया। राजसमंद जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा व जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने हल्दीघाटी युद्ध वह प्रताप से जुड़ी जानकारी दी। इसके बाद राज्यपाल चेतक समाधि पहुंचे वहां पर भी पुष्पांजलि की। बाद में राज्यपाल हल्दीघाटी स्थित निजी संग्रहालय पहुंचे जहां पर संग्रहालय के निदेशक भूपेंद्र श्रीमाली ने संग्रहालय का अवलोकन करवाया । उसके बाद राज्यपाल उदयपुर की ओर रवाना हो गए।

हल्दीघाटी की धरा से किया तिलक

राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े हल्दीघाटी पहुंचे और त्याग-स्वाभिमान की प्रतीक इस धरती को नमन किया। राज्यपाल ने हल्दीघाटी दर्रे की पावन मिट्टी से तिलक कर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप को श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने महाराणा प्रताप स्मारक स्थल पर माल्यार्पण कर उनकी वीरगाथा का स्मरण किया। राज्यपाल ने प्रसिद्ध चेतक समाधि स्थल का अवलोकन कर महाराणा प्रताप के निष्ठावान घोड़े चेतक की वीरता को नमन किया। इसके पश्चात उन्होंने महाराणा प्रताप संग्रहालय का भ्रमण किया जहां वीडियो फिल्म के माध्यम से महाराणा प्रताप के त्याग, तपस्या और बलिदान की गाथा प्रदर्शित की गई।

जिला प्रशासन रहा अलर्ट

राज्यपाल के आगमन पर जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा एवं पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी रक्षा पारीक, तहसीलदार आशीष सोनी, खमनोर विकास अधिकारी हनुवीर सिंह, संग्रहालय के उपेंद्र श्रीमाली सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Published on:
07 Jun 2025 02:54 pm