
राजस्थान में विक्षोभ के असर से बरसे मेघ, पत्रिका फोटो
Rajasthan Weather Update
राजस्थान में दक्षिण पश्चिमी मानसून की दस्तक से पहले पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से गर्मी के तेवर नर्म रहे हैं। प्रदेश में पिछले सप्ताह से पलटे मौसम के मिजाज से गर्मी के तीखे तेवर पस्त हैं और दिन व रात के तापमान में औसत से करीब 15 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज हुई गिरावट ने पीक सीजन में लोगों को दिसंबर-जनवरी जैसे मौसम का अहसास कराया है।
जयपुर शहर में बीते 4 जून की रात जून के महीने में इस साल सीजन की सबसे सर्द रात रही। जयपुर शहर में पिछले 128 साल में 5वीं बार रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज हुआ है। वहीं शहर में पिछले 9 साल में चौथी बार पारा 20 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है। हालांकि अब फिर से प्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी का दौर शुरू हो गया है और आगामी सप्ताहभर तेज गर्मी का असर रहने की आशंका मौसम विभाग जता रहा है।
राजधानी जयपुर में बीती रात इस सीजन की सबसे सर्द रात रही और रात का तापमान सामान्य से 8 डिग्री लुढ़क कर 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मालूम हो पिछले 10 साल में वर्ष 2017 में जयपुर का न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं पिछले चार साल में चौथी बार जयपुर शहर के बाशिंदों को जून माह में गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
10 जून 1897 को जयपुर का (ऑलटाइम रिकॉर्ड ) न्यूनतम तापमान रहा 18.4 डिग्री सेल्सियस
4 जून 2017 को जयपुर शहर में रात का तापमान रहा 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज
10 जून 2021 को जयपुर का न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री हुआ दर्ज
13 जून 2023 को फिर जयपुर में रात का तापमान 20.0 डिग्री दर्ज
4 जून 2025 को जयपुर में पारा 20.4 डिग्री सेल्सियस हुआ दर्ज
राजस्थान में इस साल लगातार दूसरे साल नौतपा बेअसर रहा। पिछले साल भी नौतपा के दौरान प्रदेश में अंधड़ और बारिश का दौर रहा। बंगाल की खाड़ी से मिल रही नमी और प्रदेश में बही पूर्वोत्तर हवाओं के असर से भी पारे की बढ़ती रफ्तार इस साल सहमी रही। हालांकि नौतपा से पहले और उसके बाद प्रदेश में मई-जून के महीने के कुछ दिनों में फिर से भीषण गर्मी का दौर सक्रिय हो चुका है। इस साल भी मौसम ठीक ऐसा ही बर्ताव कर रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ गुरूवार शाम से कमजोर पड़ गया है। पिछले 24 घंटे में फिर से पारे ने रफ्तार पकड़ ली है और दिन व रात में पारे में 10 डिग्री तक हुई बढ़ोतरी ने लोगों को भीषण गर्मी का अहसास कराया है। हालांकि प्रदेश के कुछ शहरों में आज भी धूलभरी हवाएं चलने और छिटपुट बौछारें गिरने की संभावना है। वहीं शेष भागों में आसमान साफ रहने ओश्र दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं। आगामी सप्ताह भी उत्तर पश्चिमी इलाकों में हीटवेव का असर जारी रहने की आशंका है।
Updated on:
7 Jun 2025, 12:37 PM IST
Published on:
7 Jun 2025, 10:15 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.