
कांकरोली रेलवे स्टेशन की फाटक के पास एक गोदाम में आग लगने से टेंट का सामान जलकर राख हो गया। वीरभानजी का खेड़ा निवासी हरीश कुमावत ने बताया कि बुधवार रात सवा 12 बजे अंजनी टेंट हाउस के गोदाम में आग लग गई। गोदाम में सो रहे दो टेंट कर्मचारियों ने आग देखकर बाहर आकर हो हल्ला किया।इससे आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कांकरोली थाना एवं दमकल को सूचना दी।
इस बीच आग विकराल रूप ले चुकी थी। गाेदाम के ऊपर कमरे में सो रहे कैलाश कुमावत, उसकी पत्नी लक्ष्मीदेवी, पुत्र हितेश, पुत्रवधु संगीता सहित दो नन्ही बालिकाओं को बालकनी से सीढ़ी लगाकर नीचे उतारकर बचाया। उनके कमरे के फर्नीचर के साथ ही कपड़े, परिजनों के 4 मोबाइल सहित सभी सामान भी जल गया। सूचना पर पहुंचे पुलिस जाप्ता, दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया। लेकिन, तब तक गोदाम में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। बिस्तर सहित लाखों रुपए की टेंट सामग्री जलकर राख हो गई।
आग बुझाने में फायरमैन पूरण पुरी गोस्वामी की मुख्य भूमिका रही। साथ ही फायर चालक हरीश गोरवा, साहुन असलम, दिलीप मेघवाल, देवीलाल सरगरा, गोविंद मीणा आदि का सहयोग रहा। गोदाम की दुकानों के शटर भी आग की भेंट चढ़ गए। वहीं, तीन मंजिले मकान में दरारें आने से पूरा मकान क्षतिग्रस्त हो गया। आग लगने के कारण का पता नहीं लग पाया है।