2 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan : ‘कार्यकर्ताओं का है पंचायत चुनाव’, मदन राठौड़ का स्पष्ट संदेश – व्यक्तिगत या परिवारवाद नहीं चलेगा

Rajasthan : राजसमंद में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने मंच की ओर इशारा करते हुए स्पष्ट कहा कि चुनाव में भाई-भतीजावाद के चक्कर में नहीं पड़ना है, बल्कि पार्टी को विजयी बनाना है। उन्होंने विधायकों को नसीहत दी कि पंचायतराज का चुनाव कार्यकर्ताओं का चुनाव है।
2 min read
Google source verification
rajasthan panchayat elections madan rathore said personalism not work

Rajasthan : भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़। फोटो पत्रिका

Rajasthan : राजस्थान के भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने शुक्रवार को राजसमंद में आगामी पंचायतराज चुनावों को लेकर भाजपा कार्यालय में संगठनात्मक बैठक ली और कार्यकर्ताओं व जनप्रतिनिधियों को चुनावी तैयारियों के साथ एकजुट होकर काम करने का संदेश दिया। मदन राठौड़ ने कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में देश आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य को गति देने के लिए जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में भाजपा को प्रचंड विजय दिलाने का आह्वान किया।

भाई-भतीजावाद के चक्कर में नहीं पड़ें

मदन राठौड़ ने मंच की ओर इशारा करते हुए स्पष्ट कहा कि चुनाव में भाई-भतीजावाद के चक्कर में नहीं पड़ना है, बल्कि पार्टी को विजयी बनाना है। उन्होंने विधायकों को नसीहत दी कि पंचायतराज का चुनाव कार्यकर्ताओं का चुनाव है। टिकट किसी एक व्यक्ति को ही मिलेगा, लेकिन जिसे टिकट मिले, सभी कार्यकर्ताओं को उसके साथ पूरी ताकत से खड़ा होकर पार्टी को विजयी बनाना होगा। विधायकों को भी उनको जिताने के लिए पूरी ताकत झोंकनी होगी।

टिकट से वंचित कार्यकर्ता को भी पार्टी में सम्मान मिलेगा

मदन राठौड़ ने आगे कहा कि जो कार्यकर्ता टिकट से वंचित रह जाएंगे, उन्हें भी पार्टी में सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने विधायकों और जनप्रतिनिधियों को पिछली निकाय चुनावी सफलता के बावजूद रह गई कमियों से सबक लेने की नसीहत दी।

राहुल गांधी पर लगाया आरोप

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि आज भारत विकसित और समृद्ध देशों की कतार में आगे बढ़ रहा है, जिससे कई लोगों और देशों को ईर्ष्या हो रही है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि भारत को अस्थिर करने के प्रयास किए जा रहे हैं और विदेशी फंडिंग के माध्यम से देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश हो रही है।

जंतर-मंतर पर दिए गए बयानों की मदन राठौड़ ने निंदा की

दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन का जिक्र करते हुए मदन राठौड़ ने वहां दिए बयानों की निंदा की और ऐसी मानसिकता को समाप्त करने की जरूरत बताई। मदन राठौड़ ने कहा कि भारत की प्रतिष्ठा को दूसरे देशों में गिराने का प्रयास करने वाली मानसिकता को रोकना होगा।

वंदेमातरम् को लेकर कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष

वंदेमातरम् के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी का जिक्र करते हुए मदन राठौड़ ने कटाक्ष करते हुए कहा कि इन लोगों को वंदेमातरम् क्या है? और उसका सम्मान कैसे किया जाता है, इसकी जानकारी तक नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका आशय यह है कि हमारा विरोधी भी राष्ट्रभक्त होना चाहिए।

राजस्थान बिजली में आत्मनिर्भर, विकास के लिए धन की गारंटी

मदन राठौड़ ने कहा कि राजस्थान की भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना है और अब राजस्थान बिजली बेचने में सक्षम हो गया है। उन्होंने कहा कि यदि जिला प्रमुख और प्रधान गांवों को विकसित गांव बनाने के लिए धन की मांग करते हैं तो यह धन उपलब्ध कराने की गारंटी हमारी है। उन्होंने कहा कि पहले देश में भ्रष्टाचार और घोटालों की चर्चा होती थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने के बाद एक भी घोटाला नहीं हुआ। इस दौरान उन्होंने देश में पूर्व में हुए घोटालों का भी उल्लेख किया।