राजसमंद

सूने मकानों से लाखों के जेवरात, नगदी चुराने के दो आरोपी पुलिस गिरफ्त में

Crime news Rajsamand 6 दिन में ही पुलिस के हाथ लगी दो वारदातों के खुलासे की सफलता
2 min read
19122023rajsamand32.jpg

Crime news Rajsamand रेलमगरा थाना क्षेत्र के दामोदरपुरा गांव के दो सूने मकानों के ताले तोडक़र दिन-दहाड़े की गई लाखों की चोरी की वारदात का खुलासा करने में रेलमगरा पुलिस को सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी हुए जेवरात बरामद कर लिए।

थाना अधिकारी प्रवीणसिंह राजपुरोहित ने बताया कि गत 13 दिसम्बर को दामोदरपुरा निवासी रामेश्वरलाल पुत्र मगनीराम जाट ने प्रकरण दर्ज कराया था। प्रार्थी घर पर ताला लगा दोपहर 2 बजे खेत पर गया। दो घंटे बाद घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। भीतर बने कमरों में रखी आलमारियां, लोहे की पेटिया, भी टूटी थी। उनमें रखा सोने का 20 ग्राम वजनी टड्डा, 10 ग्राम की चेन, 5 ग्राम का मादलिया, 12.5 ग्राम वजनी नथ, 10 ग्राम वजनी सोने के मणिये, चांदी के 250 ग्राम वजनी पायजेब, 100 ग्राम वजनी छोटी पायजेब व 73 हजार रुपए की नगदी चोरी हो गई।

उसी दिन एक और वारदात
ऐसी ही एक वारदात दामोदरपुरा के गोवर्धनलाल पुत्र रामलाल जाट के यहां भी हुई। गोवर्धन की ओर से दी रिपोर्ट में बताया कि उसी दिन वह अपनी गाड़ी की सर्विस कराने गया था। शाम साढ़े पांच बजे घर लौटने पर कमरे में तीन आलमारियों के ताले टूटे थे, जिनमें रखे सोने के 20 ग्राम वजनी मांदलिया, मणिया, 20 ग्राम वजनी झुमरिया, झेले, 10 ग्राम वजनी गोखरू, 100 ग्राम वजनी चांदी के पायजेब व करीब 50 हजार रुपए की नकदी चोरी हो गई।

पुलिस ने दोनों मामले दर्ज कर जांच शुरू की। थानाधिकारी के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक शंकरसिंह, हैड कॉन्स्टेबल शंभूलाल, भंवरसिंह, दिलीपसिंह, राहुल एवं रमेशचंद्र आदि जवानों का दल गठित किया। पुलिस ने शक के आधार पर कुरज निवासी मनोज (22) पुत्र कैलाशचंद्र त्रिपाठी एवं प्रकाश (20) पुत्र लालूराम रेगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए जेवरात एवं नगदी उनके घर से बरामद भी कर ली है।

Published on:
19 Dec 2023 10:32 pm