
राजसमंद। पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। सलूस रोड से आगे राजसमंद झील किनारे जंगल में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिसमें उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सुरेश उर्फ सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। मामले में मृतक के भाई महेंद्र सिंह ने मोहिद गैंग के लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए राजनगर थाने में रिपोर्ट दी है। महेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई सुरेश उर्फ सुरेंद्र सिंह राजनगर सेवाली में सुरेंद्र सिंह राव के साथ रहता था और राजसमंद में ही काम करता था।
4 नवंबर की रात करीब 9:30 से 10 बजे उसे जानकारी मिली कि इसी दिन दोपहर करीब 2 से 3 बजे उसके भाई के साथ पुरानी रंजिश के चलते मारपीट की गई है। रिपोर्ट में इकलाश उर्फ माहिर, दिलशाद खान, मुकेश उर्फ फुग्गा, निखिल जोशी, निखिल खटीक और मोहिद सहित उनके गैंग के अन्य साथियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया। आरोप है कि इन लोगों ने सुरेश उर्फ सुरेंद्र सिंह को सलूस रोड से आगे झील किनारे जंगल में ले जाकर उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव के दौरान उससे भी मारपीट की गई। वारदात के बाद मोहिद गैंग के लोग ही घायल सुरेंद्र सिंह को आरके अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। उसका शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
महेंद्र सिंह ने रिपोर्ट में पुरानी रंजिश को वारदात की वजह बताया है। उसके अनुसार, करीब 3-4 दिन पहले सुरेश गांव आया था। उस दौरान उसने बताया था कि जब वह जेल में था, तब मोहिद, इकलाश और मुकेश उर्फ फुग्गा से उसकी अनबन हो गई थी। इसी बात को लेकर ये लोग उससे रंजिश रखते थे और उस पर निगरानी कर रहे थे।
भाई के साथ अनहोनी की आशंका के चलते महेंद्र सिंह गांव के मौतबीरों के साथ आरके अस्पताल पहुंचा, जहां उसे सुरेंद्र सिंह की मौत की जानकारी मिली। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ हत्या के मामले में कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इधर मामले में पुलिस ने इकलाश उर्फ माहिर, दिलशाद खान और निखिल जोशी को डिटेन कर लिया है।