Rajasthan News : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो टीम ने पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए राजसमंद रेंजर को रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके साथ ही डूंगरपुर रेंजर व वनपाल को भी गिरफ्तार किया। जानें वजह।
Rajasthan News : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने राजसमंद के क्षेत्रीय वन अधिकारी बलराम पाटीदार को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। उन्होंने डूंगरपुर रेंजर व वनपाल के लिए रिश्वत ली थी। ऐसे में डूंगरपुर रेंजर लोकेश और वनपाल अशोक को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
परिवादी ने 12 जुलाई को राजसमंद के एसीबी कार्यालय में तीन जनों के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दी थी। जिसमें बताया कि उसकी लकड़ियों से भरी गाड़ी वन विभाग डूंगरपुर की टीम ने जब्त की थी। डूंगरपुर के रेंजर लोकेश और वनपाल अशोक उसकी गाड़ी छोड़ने की एवज में 45 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया, जो प्रमाणित हो गई। रेंजर लोकेश ने परिवादी के लकड़ियों से भरे ट्रक की 21 हजार रुपए की रसीद काट दी। इसके अतिरिक्त उसने रिश्वत की राशि राजसमंद के क्षेत्रीय वन अधिकारी बलराम पाटीदार को देने को कहा। पाटीदार ने परिवादी को व्हाट्सएप कॉल किया और डूंगरपुर रेंजर लोकेश के लिए पांच हजार रुपए मांगे। इस पर एसीबी ने परिवादी को वापस रेंजर लोकेश व वनपाल अशोक के पास भेजा। जहां विभाग के ही रेंजर नारायण सिंह की मौजदूगी में अशोक द्वारा रिश्वत की राशि पांच हजार रुपए लेने, लकड़ी की गाड़ी को बिना रोक-टोक चलाने के लिए मासिक बंधी के 20 हजार रुपए की मांगने की पुष्टि हुई।
यह भी पढ़ें -
इसके बाद एसीबी ने मंगलवार को कार्रवाई कर क्षेत्रीय वन अधिकारी राजसमंद बलराम पाटीदार को 5 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। वहीं आरोपी रेंजर लोकेश एवं वनपाल अशोक को डूंगरपुर से दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पूछताछ जारी है।
यह भी पढ़ें -