
Rajsamand Zila Pramukh : राजसमंद की नई जिला प्रमुख कांग्रेस की सुंदर देवी कीर चुनी गईं। करीब 12 साल के इंतजार के बाद कांग्रेस ने अपना जिला प्रमुख बनाया है। सुंदर देवी कीर ने भाजपा के प्रत्याशी मदन सिंह चौहान को हराया। जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को 17 और भाजपा को 12 मत मिले। जीत का अंतर 5 वोट रहा। कांग्रेस की सुंदर देवी कीर वार्ड 15 से व भाजपा के प्रत्याशी मदन सिंह चौहान वार्ड 7 से निर्वाचित हुए थे। राजसमंद जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने 29 में से 17 सीटें जीतकर भाजपा को 12 पर समेट दिया। कुंभलगढ़ को छोड़ तीन विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा पिछड़ी। वोट शेयर में भी कांग्रेस 2.24 प्रतिशत आगे रही।
नाम: सुंदरदेवी कीर
पार्टी: काग्रेस
शिक्षा : आठवीं
राजनीति अनुभव: पहले सरपंच, अब जिला प्रमुख, पांच साल का अनुभव
कुल संपति: 61 लाख 91 हजार
महज छह साल से अधिक के चुनावी सफर में सुंदर देवी ने सरपंच से जिला परिषद सदस्य और फिर जिला प्रमुख तक का सफर तय कर लिया। तीसरे चुनाव में जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचने के साथ ही उन्होंने अपने गांव पीपली आचार्यान को जिले की राजनीति में नई पहचान दिलाई है। सुंदर देवी की चुनावी पारी की शुरुआत वर्ष 2020 में हुई, जब उन्होंने पहली बार ग्राम पंचायत पीपली आचार्यान से सरपंच का चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। वर्ष 2025 के बाद पंचायत चुनावों में अतिरिक्त समय मिलने के चलते उनका सरपंच कार्यकाल छह साल से अधिक हो गया। इसके बाद वर्ष 2026 में उन्होंने जिला परिषद के वार्ड संख्या 15 से चुनावी मैदान में उतरकर जीत हासिल की। जिला परिषद सदस्य बनने के बाद सुंदर देवी की राजनीतिक यात्रा को एक और बड़ा पड़ाव मिला।
राजसमंद जिला प्रमुख पद पर जाट समाज से पहली बार रतनी देवी जाट जिला प्रमुख बनी। वहीं वह ओबीसी से दूसरी महिला जिला प्रमुख बनी। इससे पूर्व बसंता रावत जिला प्रमुख बनी थी। दूसरी बार कुंभलगढ़-आमेट विधानसभा क्षेत्र से जिला प्रमुख बनने का अवसर मिला है। इससे पूर्व कुंभलगढ़ विधानसभा क्षेत्र से नरेंद्र सिंह सोलंकी जिला प्रमुख रहे थे। जिला प्रमुख की सीट ओबीसी महिला के लिए आरक्षित थी।
राजसमंद 10 अप्रैल 1991 में उदयपुर से अलग होकर नया जिला बना था। 1995 में राजसमंद में जिला परिषद बनी थी। 1995 में पहली बार जिला परिषद के चुनाव हुए थे। इसमें भाजपा के हरिओम सिंह राठौड़ पहले जिला प्रमुख बने थे। इसके बाद 2000 से 2005 तक पूर्व गृहराज्य मंत्री लक्ष्मण सिंह रावत की पत्नी बसंता रावत जिला प्रमुख बनी थी।
जिला प्रमुख के निर्वाचन के अगले दिन 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख पद के लिए चुनाव होगा। इसके बाद 27 नवंबर को जिले की सभी पंचायत समितियों के मुख्यालयों पर प्रधान पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। वहीं, 28 नवंबर को उप प्रधान पद के लिए चुनाव कराया जाएगा। इन सभी पदों के निर्वाचन में भी जिला प्रमुख चुनाव की तरह ही नामांकन, संवीक्षा, नाम वापसी और आवश्यकता होने पर मतदान की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इस तरह चार दिनों तक चलने वाली निर्वाचन प्रक्रिया के साथ जिले की जिला परिषद और पंचायत समितियों को नए मुखिया मिल जाएंगे।