राजसमंद

इस शहर में अब सीवरेज में नहीं उतरेंगे श्रमिक, रोबोट से होगी सफाई

सीवरेज चैम्बर की सफाई का काम अब रोबोट से कराने की तैयारी है। डीएलबी की ओर से नगर परिषद को एक रोबोट उपलब्ध कराया है। इसका डेमो हो गया है, दो-चार दिनों में लाइव डेमो के बाद उसे फील्ड में उतारा जाएगा। इसकी कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई जा रही है।
2 min read
इस शहर में अब सीवरेज में नहीं उतरेंगे श्रमिक, रोबोट से होगी सफाई
राजसमंद. नगर परिषद में रोबोट का डेमो देते तकनीकी कर्मचारी।

प्रदेश में सीवरेज की सफाई के दौरान होने वाले हादसों को रोकने के लिए इसकी सफाई रोबोट से कराने का निर्णय लिया गया। इसके तहत डीएलबी (डिपाटमेंट ऑफ लोकल बॉडी) की ओर से जिन नगर निकायों में सीवरेज के एसटीपी बने हैं, वहां के लिए रोबोट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके तहत नाथद्वारा नगर पालिका को एक रोबोट उपलब्ध कराया गया है। इसी प्रकार राजसमंद नगर परिषद को दो रोबोट उपलब्ध कराए गए थे, लेकिन यहां पर सीवरेज कनेक्शन कम होने के कारण एक रोबोट को वापस लौटा दिया गया है। रोबोट का एक बार डेमो हो चुका है, लेकिन आगामी दो-चार दिनों में संबंधित कम्पनी की टेक्निकल टीम के सदस्यों की मौजूदगी में इसका लाइव डेमो दिया जाएगा। इसके बाद उक्त रोबोट को फील्ड में चौक सीवरेज की सफाई के काम में लिया जाएगा। उक्त प्रयोग के सफल रहने पर रोबोट की संख्या बढ़ाई जा सकती है। उल्लेखनीय है कि नगर परिषद क्षेत्र में मात्र 1800 के करीब सीवरेज कनेक्शन है।

श्रमिकों को उतरना पड़ता था सीवरेज चैम्बर में
सीवरेज की सफाई के लिए कई बार श्रमिकों को उतरना पड़ता है। इसके कारण हादसों में कई लोगों की जान भी जा चुकी है। पहले श्रमिकों के माध्यम से सीवरेज की सफाई कराई जाती थी, इसके पश्चात जेट सीवर सकिंग मशीनें उपलब्ध कराई गई। वर्तमान में इनका उपयोग किया जा रहा है। अब रोबोट उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इस तरह करेगा रोबोट काम
- मैनहॉल के ऊपर रोबोट को खड़ा किया जाएगा।
- ऑपरेटिंग के दौरान इसकी कार्बन फाइबर पाइप मैन सीवरेज के अंदर चली जाएगी।
- पाइप के आगे बाल्टीनुमा हाथ मैनहॉल से कचरा उठाएगा व बाहर लाएगा।
लाइव डेमो के बाद उतारेंगे फील्ड में
सीवरेज की सफाई के लिए डीएलबी ने दो रोबोट भेजे, लेकिन उसमें से एक को ही रखा है। इसका लाइव डेमो होना अभी शेष है, इसके बाद इसे फील्ड में उतार कर सीवरेज आदि की सफाई कराई जाएगी।
- तरूण बाहेती, एक्सईएन नगर परिषद राजसमंद

Published on:
19 Dec 2023 11:39 am