राजसमंद

Rajsamand : टेंट लगाते समय 11 केवी लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदली

राजसमंद जिले से दुखद खबर सामने आई है, जहां एक शादी समारोह में टेंट लगाने के दौरान युवक करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
2 min read
Apr 20, 2026
Rajsamand News
मृतक मुकेश सिंह (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

राजसमंद। जिले के चारभुजा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। ग्राम पंचायत रीछेड़ के राजस्व गांव भोजेला में सोमवार को टेंट लगाने के दौरान 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजन गहरे सदमे में हैं।

पुलिस के अनुसार, ग्राम पंचायत सुंखार के वडली की भागल निवासी मुकेश सिंह (25) पुत्र उदयसिंह खरवड़ शादी समारोह में टेंट लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान टेंट खड़ा करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा लोहे का पोल ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। करंट लगते ही युवक जमीन पर गिर पड़ा और कुछ ही पलों में उसकी मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

यह वीडियो भी देखें :

बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गढ़बोर की मोर्चरी में रखवाया गया। हादसे के बाद परिजन और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। परिजनों का कहना था कि यदि बिजली लाइन की ऊंचाई और सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा गया होता, तो यह हादसा टाला जा सकता था।

मुआवजे की मांग लेकर तनाव

मुआवजे की मांग को लेकर करीब तीन घंटे तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समझाइश की और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद मामला शांत हुआ और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा सकी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बिजली विभाग के अधिकारी ने क्या कहा?

इस मामले में अजमेर डिस्कॉम के एईएन अनुराग पालीवाल ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र को प्राप्त कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि नियमानुसार मुआवजे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Updated on:
20 Apr 2026 05:51 pm
Published on:
20 Apr 2026 05:51 pm