Highlights- एसपी डाॅ. अजय पाल शर्मा के आदेश पर हुई छापेमारी- पुलिस फोर्स ने घर की घेराबंदी करते हुए मारा छापा- एसआईटी ने घर से बरामद किए कुछ अहम दस्तावेज
रामपुर. समाजवादी पार्टी सांसद आजम खान पर एसआईटी (SIT) ने भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जौहर यूनिवर्सिटी के नाम किसानों की जमीन कब्जाने के मामले में एसआईटी ने निलंबित लेखपाल के घर रेड मारी है। हालांकि छापेमारी के दौरान लेखपाल तो नहीं मिले, लेकिन एसआईटी ने उनके घर से कुछ अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। बता दें कि यह कार्रवाई पुलिस फोर्स की मौजूदगी में की गई है।
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी सांसद आजम खान के खिलाफ रामपुर पुलिस ने अब तक 83 केस दर्ज किए हैं। इन मुकदमों सबसे अहम मामला किसानों की जमीन कब्जाकर जौहर यूनिवर्सिटी में शामिल करने का है। पुलिस अधीक्षक डाॅ. अजय पाल शर्मा ने आजम खान के खिलाफ दर्ज मुकदमों की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। इसके बाद से एसआईटी ने जमीन संबंधी मामलों में जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में निलंबित लेखपाल आनंदवीर की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं।
बता दें कि चकरोड की जमीन जौहर यूनिवर्सिटी को देने के मामले में एसडीएम टांडा के आदेश को कमिश्नर ने खारिज किया था। इसके बाद इस मामले में लेखपाल के अलावा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश जारी हुए थे। इस मामले में डीएम आंजनेय कुमार सिंह लेखपाल को निलंबित कर चुके हैं। हाल ही में लेखपाल से पूछताछ भी हुई थी।
पुलिस अधीक्षक डाॅ. अजय पाल शर्मा के आदेश पर गठित एसआईटी ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को उप जिलाधिकारी सदर के साथ एसआईटी ने लेखपाल आनंदवीर के घर छापेमारी की। बताया जा रहा है कि इस दौरान भारी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंची और लेखपाल के घर को घेर लिया। हालांकि इस दौरान आनंदवीर तो नहीं मिले, लेकिन घर से एसआईटी ने कुछ अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने लेखपाल के परिजनों से भी पूछताछ की।