
Azam Khan News: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने जेल से रिहाई के बाद रामपुर में पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने अपने और परिवार के साथ हुए व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई। आजम खान ने सरकार के सामने दो विकल्प रखे। उन्होंने कहा कि या तो उन्हें परिवार समेत इच्छा मृत्यु की अनुमति दी जाए या फिर पूरे परिवार को देश छोड़ने की इजाजत मिले। उन्होंने ईडी पर कोर्ट में गलत तथ्य पेश करने और झूठा शपथपत्र देने का आरोप भी लगाया। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि एक मुसलमान को परेशान करके ज्यादा वोट हासिल करने की सोच रखी जा रही है।
आजम खान ने कहा कि 31 अक्टूबर को जेल से रिहा होने के बाद ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि गिरफ्तारी के लिए कोर्ट में जो सबूत पेश किए गए, वे गलत थे। उनके मुताबिक, ईडी की टीम बिना वारंट के गिरफ्तारी करने पहुंची थी और इस मामले में अदालत को गुमराह किया गया।
उन्होंने अंगूठे के निशान को लेकर भी सफाई दी। आजम खान ने कहा कि ईडी जिस अंगूठे का हवाला दे रही है, वह रामपुर जेल का नहीं, बल्कि दिल्ली में रिमांड के दौरान हुई पूछताछ से संबंधित है। उन्होंने ईडी पर अदालत में झूठा शपथपत्र देने का आरोप लगाया।
जेल में परिवार के साथ बिताए समय को याद करते हुए आजम खान ने अपना दर्द जाहिर किया। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें पहले पता होता कि पढ़ाई पूरी करने और विश्वविद्यालय बनाने के बाद उन्हें ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ेगा, तो वह यह रास्ता नहीं चुनते। आजम खान ने कहा कि मैं अपने बच्चों को जेल में समय काटते देखने के बजाय उनसे गुजर-बसर के लिए बीड़ी बनवाता।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें मालूम होता कि विश्वविद्यालय बनाने के कारण उन्हें जेल जाना पड़ेगा और इस तरह का व्यवहार सहना होगा, तो वह रिक्शा चलाना पसंद करते। उन्होंने बताया कि एक पिता को अपने M.Tech शिक्षित बेटे के साथ पांच साल तक एकांत कारावास में रहने के लिए मजबूर होना पड़ा।
आजम खान ने कहा कि आजादी से बड़ी कोई नेमत या खजाना नहीं है। उन्होंने जेल में अपने और परिवार के साथ हुए व्यवहार पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि शिक्षा का मंदिर बनाने वाले एक मुसलमान को परेशान करके कुछ लोग ज्यादा वोट हासिल करने की उम्मीद रखते हैं। भाजपा पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि धर्म का प्रतिनिधित्व करने का दावा करने वाले ही अपने धर्म को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हालात तेजी से बदले हैं और भविष्य के चुनाव जाति-धर्म के नाम पर नहीं लड़े जाएंगे।
आजम खान ने कहा कि उनकी पार्टी युवाओं, किसानों, महिलाओं और छात्रों को केंद्र में रखकर सकारात्मक कार्यक्रम तैयार कर रही है। उनके मुताबिक, आने वाले समय में चुनाव का आधार जाति और धर्म के बजाय लोगों से जुड़े मुद्दे होने चाहिए।
कांग्रेस के साथ संभावित गठबंधन और सीटों के बंटवारे पर आजम खान ने कहा कि मौजूदा कांग्रेस का नेतृत्व पहले से अलग है। उन्होंने दोनों दलों के बीच सम्मानजनक समझौते की उम्मीद जताई। आजम खान ने कहा कि सम्मानजनक समझ और सीट का बंटवारा होगा। अगर हमें उन्हें कुछ ज्यादा भी देना पड़ा तो हम यह कुर्बानी देंगे।