
Azam Khan Interview: 'इस दिल के टुकड़े हजार हुए, कोई यहां गिरा, कोई वहां गिरा..', समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने अपने जेल के दिनों के दर्द को इसी शायरी के जरिए बयां किया था। सियासत के शिखर से सलाखों के पीछे तक का सफर आजम खान के लिए किसी भयावह अनुभव से कम नहीं रहा। खासतौर पर अक्टूबर 2023 की वह रात आज भी उनके शरीर में सिहरन पैदा कर देती है, जब जेल बदलने के दौरान उन्हें और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को अलग-अलग गाड़ियों में बैठाया गया था। उन्होंने बताया कि जेल में रहते हुए वह बाहर हो रहे एनकाउंटर की खबरें सुनते थे। उस वक्त आजम खान को एनकाउंटर का डर सता रहा था। उन्होंने बेटे अब्दुल्ला को गले लगाते हुए कहा था कि बेटे, जिंदगी रही तो मिलेंगे और नहीं रही तो ऊपर मुलाकात होगी।
अपने घर पर पड़ी आयकर विभाग की छापेमारी का किस्सा सुनाते हुए आजम खान ने बताया था कि वे एक संकरी गली में रहते हैं। बरसात के मौसम में जब अधिकारी दीवारें कूदकर अंदर आए, तब घर में दो-दो फीट पानी भरा था। बिजली न होने से AC बंद थे और उनके पास आज भी जनरेटर नहीं है। उन्होंने बताया कि अर्धसैनिक बल और महिला पुलिस के साथ आई टीम अपने साथ नोट गिनने की 8 से 10 मशीनें और लखनऊ से सुनार लेकर आई थी। पूरी जांच में सबसे ज्यादा नकदी (करीब 11 हजार रुपये) उनके बेटे अब्दुल्ला के पास मिले। वहीं बड़े बेटे की मेज पर कुछ सौ रुपये और पत्नी के पास 100 ग्राम सोना मिला।
आजम के मुताबिक कुछ न मिलने पर अधिकारी बेहद शर्मिंदा थे। तब उन्होंने खुद अफसरों से कहा कि, "आप दीवारें और फर्श तोड़कर देख लीजिए या बुलडोजर मंगाकर पूरा घर गिरा दीजिए ताकि... आप पर कोई आंच न आए। इस पर अधिकारियों ने जवाब दिया था कि बुलडोजर तो यहां आ ही नहीं सकता, गली इतनी संकरी है कि हमारी कार तक नहीं आ सकी।"
फर्नीचर चोरी के आरोपों पर सफाई देते हुए आजम खान ने बताया कि, वह सारा सामान जौहर यूनिवर्सिटी का था। मंत्री रहते हुए जब वे राजकीय अतिथि के तौर पर कोलकाता जाते थे, तो वहां पुरानी हवेलियां टूटकर बहुमंजिला इमारतें बन रही थीं। वहां उनकी कौम के गरीब कबाड़ी सागौन की लकड़ी की बेहतरीन नक्काशी वाली अलमारियां, मेज और कुर्सियां बेहद सस्ते दामों में बेचते थे। आजम के अनुसार वे 200 से 400 रुपये में यह सामान खरीदकर लाते थे और उसकी मरम्मत व पॉलिश करवाते थे। उनके पास आज भी ट्रकों की रसीदें मौजूद हैं। उन्होंने दावा किया कि कोलकाता के बड़े शोरूम में उसी नक्काशीदार फर्नीचर की कीमत दो लाख से लेकर 20 लाख रुपये तक होती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस यह सारा फर्नीचर और उनकी किताबें ट्रकों में भरकर ले गई और उन्हें चोर बना दिया।
जौहर यूनिवर्सिटी बनाने के पीछे की वजह बताते हुए आजम खान ने कहा था कि, वे छात्र जीवन से ही सर सैयद अहमद खां के मिशन से प्रेरित थे। ब्रिटिश दौर में सर सैयद ने कॉलेज बनाया और उन्हें सर व खान बहादुर का खिताब मिला, जो उनके निधन के 24 से 25 साल बाद यूनिवर्सिटी बनी। इसी तरह पंडित मदन मोहन मालवीय के गुजरने के 18 साल बाद BHU को विश्वविद्यालय का दर्जा मिला। आजम ने तंज कसते हुए कहा कि, "सर सैयद को सर का खिताब मिला था, लेकिन जब वे यूनिवर्सिटी बना रहे थे तो नारा लगा कि, जो आजम का सर लाएगा, वही रामभक्त कहलाएगा।" उन्होंने कहा कि उनका गुनाह बस इतना है कि उन्होंने विदेश में महल बनाने के बजाय रिक्शा चलाने, बीड़ी बनाने और पंचर जोड़ने वालों के बच्चों को डॉक्टर व इंजीनियर बनाने का सपना देखा।
उन्होंने बताया कि, सरकारी प्राथमिक स्कूल जैसी मामूली फीस पर वे CBSE बोर्ड की शिक्षा दे रहे थे, जहां ठेला और फल बेचने वालों के बच्चे टॉपर निकलते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि नवाबों के दौर की जिन खंडहर इमारतों को चंदा करके संवारा गया था, उनकी 99 साल की लीज रद्द कर सारा सामान जब्त कर लिया गया। कोविड सेंटर बनाते समय मेडिकल कॉलेज के सामान की कोई लिखत-पढ़त या इन्वेंटरी तक नहीं हुई।
शत्रु संपत्ति (कस्टोडियन जमीन) पर कब्जे के आरोप को खारिज करते हुए आजम खान ने कहा कि वह पूरी जमीन आज भी वहां मौजूद है। उनकी जमीन केवल उस भूखंड के पीछे स्थित है। उन्होंने बताया कि प्रतापगढ़ के एक विवादित जिलाधिकारी को वे रामपुर लाए थे और उन्हीं ने कस्टोडियन जमीन के आवंटन का सुझाव व सिफारिश की थी। जब वे मुंबई के कस्टोडियन दफ्तर में बैठे थे और टाइपराइटर पर आदेश टाइप हो रहा था, तभी उन्हीं जिलाधिकारी का फैक्स और रेडियोग्राम आ गया। उस संदेश में लिखा था कि आजम बेहद ताकतवर नेता हैं और जमीन मिलने पर खाली नहीं करेंगे। यह पढ़कर मुंबई के अधिकारी ने आदेश रोक दिया और आजम खाली हाथ लौट आए। उन्होंने कहा कि, "वह जमीन न कभी उनके पास थी और न आज है।"
जेल के हालात बयां करते हुए आजम खान ने कहा था कि, उन्हें सामान्य जेल में नहीं बल्कि अंग्रेजों के जमाने के फांसीघर में रखा गया था। वहां 24 कोठरियां थीं, जिनमें सांप और बिच्छुओं के डर से वे रात भर लाठी लेकर बैठते थे। बिना खिड़की और वेंटिलेशन वाली छोटी कोठरी में वे पहले 23 महीने बेटे अब्दुल्ला के साथ और बाद में अकेले रहे। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि वायरल बुखार में 1-1 हफ्ते तड़पने के बाद भी दवा देने वाला कोई नहीं होता था। कोठरी के ऊंचे-नीचे फर्श पर टहलने की जगह न होने से 5 साल तख्त पर गुजरे और इसी फर्श पर गिरकर उनकी पत्नी की हंसली टूट गई थी। साथ ही आजम खान ने बताया कि उनकी दिवंगत मां, बड़ी बहन ( सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य/लेखिका) और बड़े भाई (सेवानिवृत्त इंजीनियर) तक पर मुकदमे हुए। पुलिस उनकी बड़ी बहन को घर से घसीटकर जीप में ले गई थी, जिन्हें बाद में पूरा मोहल्ला थाने जाकर छुड़ाकर लाया।
कानूनी लड़ाई पर बात करते हुए आजम खान ने कहा कि निचली अदालत से शुरुआत में उन्हें कभी जमानत नहीं मिली। हाईकोर्ट में भी कई बार ऐसा हुआ कि, जमानत पर बहस के दौरान ही जज के तबादले का आदेश आ जाता था और एक ही दिन में 3 जजों के सामने मामला सुना गया। उन्होंने बताया कि उनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हुए। जैसे ही जमानत मिलती, पुलिस नई धाराएं जोड़ देती ताकि, उन्हें जेल में ही रोका जा सके।
बेटे अब्दुल्ला के जन्म प्रमाण पत्र के मामले में उन्होंने कहा कि, जन्म के दिन का असली वीडियो और उसकी फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट मौजूद है, जिसमें परिवार के सभी लोग और मां की आवाज दर्ज है। उन्होंने कहा कि ऊपरी अदालतों से ही उन्हें राहत मिली और आज के दौर में यदि अदालतें आम आदमी की हिफाजत नहीं करेंगी, तो लोकतंत्र को भारी नुकसान होगा।
आजम खान ने धर्म और राजनीति को लेकर अपनी राय रखते हुए कहा कि किसी भी धर्म का नारा डर फैलाने का जरिया नहीं बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई 'अल्लाह हू अकबर' का नारा लगाकर लोगों में दहशत फैलाता है तो वह इस्लाम का नारा नहीं है। इसी तरह अगर कोई 'हर हर महादेव' का नारा लगाकर डर का माहौल बनाता है तो वह भी धर्म का नारा नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की स्थापना के पीछे भी यही विचारधारा थी, धर्म और राजनीति के बीच नफरत की जगह आपसी सम्मान और लोकतांत्रिक सोच का होना जरूरी है। बता दें कि आजम खान ने अपने ऊपर लगे आरोपों और संघर्ष से जुड़े ये तमाम किस्से वरिष्ठ वकील व राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल को दिए इंटरव्यू में साझा किए थे।