रामपुर

आजम खान पहली बार लोकसभा चुनाव में आजमाएंगे किस्मत, इस सीट से लड़ेंगे चुनाव!

40 साल के राजनीतिक जीवन में 11 में से 9 बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं आजम खान
2 min read
• •
Updated: 14 Mar 2019, 4:26 PM IST
Azam khan
आजम खान पहली बार लोकसभा चुनाव में आजमाएंगे किस्मत, इस सीट से लड़ेंगे चुनाव!

रामपुर. लोकसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे सभी दलों ने अपने-अपने पत्ते खोलने शुरू कर दिए हैं। सूत्रों की मानें तो रामपुर लोकसभा सीट से पहली बार सपा के कद्दावर पूर्व मंत्री आजम खान प्रत्याशी हो सकते हैं। दरअसल यह सीट सपा-बसपा आैर रालोद गठबंधन में सपा के खाते में आर्इ है। यहां बता दें कि आजम खान की रामपुर में अच्छी पकड़ है। आजम रामपुर विधानसभा से 11 में से 9 बार चुनाव जीत चुके हैं। यही वजह है कि समाजवादी पार्टी आजम खान को लोकसभा चुनाव में उतारने जा रही है। सूत्रों की मानें तो एक-दो दिन में उनके नाम की अधिकारिक घोषणा की जाएगी। हालांकि इस संबंध में अभी आजम खान ने चुप्पी साध रखी है।

उत्तर प्रदेश सरकार में पांच बार मंत्री रहे आजम खान पहली बार लोकसभा चुनाव में उतर सकते हैं। पार्टी सूत्रों की मानें तो सपा रामपुर से इस बार अपने दिग्गज नेता आैर विधायक आजम खान की लोकप्रियता को भुनाने के लिए उन्हें लोकसभा चुनाव में उतारने का मन बना चुकी है। बताया जा रहा है कि एक-दो दिन के भीतर उनके नाम की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी। बता दें कि अपने करीब 40 साल के राजनीतिक जीवन में अभी तक आजम खान ने कभी लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ा है।

वहीं पार्टी सूत्रों की मानें तो मुरादाबाद लोकसभा सीट से पूर्व मेयर डॉ. एसटी हसन के नाम पर मुहर लगनी तय है। पता चला है कि शुक्रवार को दिल्ली में पार्टी महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव अाधिकारिक रूप से इसका ऐलान कर देंगे। वहीं राजनीतिक गलियारों में डॉ. एसटी हसन के साथ पूर्व मंत्री कमाल अख्तर का नाम भी चर्चा में है। हालांकि आजम खान से नजदीकी के चलते डॉ. एसटी हसन का पलड़ा भारी है। इसलिए उन्हें सपा गठबंधन प्रत्याशी के रूप में मुरादाबाद से उतारने जा रही है। इसी तरह संभल से भी प्रत्याशी का नाम फाइनल कर दिया गया है।

Published on: