Highlights 21 मार्च से 1 अप्रैल तक क्वारेंटाइन किया गया था घर 40 फीसदी जली महिला को अस्पताल में कराया भर्ती महिला ने पति पर लगाया जलाने का आरोप
रामपुर। लॉकडाउन के चलते कई लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस वजह से कुछ घरों में पति व पत्नी में झगड़े भी हो रहे हैं। रामपुर में इसी तरह के झगड़े ने खतरनाक रूप ले लिया। यहां पति के सब्जी नहीं लाने पर महिला संदिग्ध हालत में जल गई। महिला ने आरोप गलाया है कि उसके पति ने उसको जलाया है, जबकि बच्चों का कहना है कि उनकी मां ने खुद आग लगाई है। घटना के बाद से पति फरार है।
नयागांव में हुई घटना
घटना थाना पटवाई के गांव नयागांव की है। वहां पर महिला अपने पति और बच्चों के साथ रहती है। 21 मार्च 2020 को जिला प्रशासन ने इस घर को क्वॉरेंटाइन किया था। इसकी अवधि 1 अप्रैल तक की थी। महिला का आरोप है कि उसके पति ने उसको जलाया है। वह 40 फीसदी जल चुकी है। जिला अस्पताल के बर्नवार्ड में उसका इलाज चल रहा है।
महिला ने ये आरोप लगाए
महिला का कहना है कि उसके पति सब्जी खरीदकर नहीं लाए। घर में खाने के लिए राशन नहीं है। इसको लेकर उन्होंने अपने पति से सामान लाने को कहा तो उन्होंने उससे मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि पति ने उस पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी। वहीं, महिला के बेटे बता रहे हैं कि सब्जी खरीदकर नहीं लाने को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ था। बाद में उनकी मां ने खुद आग लगा ली। पापा ने तो मम्मी को बचाया था।
यह कहा राशन डीलर ने
घटना के बाद पड़ोसियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने एंबुलेंस से महिला को जिला अस्पताल भिजवाया। पति घटना के बाद से ही फरार है। घर मे आग से जले कपड़े पड़े हैं। घर में राशन भी दिखाई दे रहा है। गांव मे पड़ोसी राशन डीलर गजराम का कहना है कि उसने दो दिन पहले ही उन्हें राशन दिया है। सब्जी को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। उसको लेकर महिला ने आग लगा ली। अगर उन्हें पहले पता चल जाता तो सब्जी भी उपलब्ध करा देते।
पुलिस को नहीं मिली तहरीर
इस बारे में थाना इंचार्ज पटवाई मनोज कुमार का कहना है कि घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उनका बयान लेने के लिए मजिस्ट्रेट भी गए हैं। मजिस्ट्रेट ने उनका बयान अभी गोपनीय रखा है। पति की तलाश की जा रही है। घटना को लेकर अभी कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर केस दर्ज किया जाएगा।