
पत्रिका न्यूज़ नेटवर्क
रामपुर (rampur ) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra ) के काफिले की चार गाड़ियां हापुड़ रोड पर आपस में टकरा गई। यह दुर्घटना गंगा टोल प्लाजा के पास हुई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। प्रियंका गांधी रामपुर में किसान नवरीत सिंह के परिजनों से मिलने आई हैं। नवरीत सिंह की किसान ट्रैक्टर रैली में मौत हो गई थी।
प्रियंका गांधी गढ़मुक्तेश्वर से होते हुए वाया गजरौला रामपुर जा रही थी। इसी दौरान इन के काफिले में शामिल एक कार के ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दी। ब्रेक लगते ही पीछे से आ रही दूसरी कारें इस कार से टकरा गई। इस तरह एक के बाद एक चार कारें आपस में टकराई। इससे प्रियंका गांधी का काफिला रुक गया। दुर्घटना हाेते ही सुरक्षाकर्मियों ( priyanka gandhi security ) ने प्रियंका गांधी काे घेरे में ले लिया। बाद में सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी पहुंची लेकिन इससे पहले ही प्रियंका गांधी दूसरी कार में सवार हाेकर आगे बढ़ गई।
रैली के दौरान हो गई थी किसान नवरीत की मौत
26 जनवरी को दिल्ली में हुई ट्रैक्टर रैली के दौरान रामपुर के किसान नवरीत सिंह की मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में कहा था कि ट्रैक्टर पलटने से किसान की मौत हुई है। जिसके बाद पुलिस की ओर से एक सीसीटीवी फुटेज भी जारी किया गया था लेकिन किसान के परिजनों ने दिल्ली पुलिस की इस दलील को सिरे से खारिज कर दिया था और उन्होंने आरोप लगाया था कि दिल्ली पुलिस की गोली लगने से किसान की मौत हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं आई थी गोली
परिजनों का आरोप है कि किसान नवनीत सिंह की मौत दिल्ली पुलिस की गोली लगने से हुई लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली से मरने या गोली लगने के बाद का कोई जिक्र नहीं है। प्रियंका वाड्रा गांधी किसान नवरीत सिंह के परिजनाें से मिलने ही रामपुर पहुंची हैं।