रामपुर

युद्ध की खबरों के बीच पेट्रोल-डीजल महंगा होने की अफवाह से मचा हड़कंप: टैंक फुल कराने लगे लोग!

UP News: रामपुर में पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने की अफवाह से लोगों में हलचल मच गई। सोशल मीडिया पर फैली भ्रामक खबरों के बाद कई लोग पेट्रोल पंपों पर टैंक फुल कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में डीजल का स्टॉक करने लगे।

3 min read
Mar 08, 2026
पेट्रोल-डीजल महंगा होने की अफवाह से मचा हड़कंप | Image Source - Pexels

Petrol Diesel Price Rumour UP: यूपी के रामपुर जिले में इन दिनों पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर अचानक अफवाहों का दौर शुरू हो गया है। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध को कारण बताते हुए सोशल मीडिया और इंटरनेट मीडिया पर यह संदेश तेजी से फैलाया जा रहा है कि जल्द ही पेट्रोल और डीजल के दामों में भारी बढ़ोतरी होने वाली है।

इन अफवाहों का असर यह हुआ कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोग अपने वाहनों में पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे। कई लोग एहतियात के तौर पर टैंक फुल करवा रहे हैं, जबकि ग्रामीण इलाकों में डीजल खरीदकर स्टॉक करने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।

ये भी पढ़ें

मुंबई में बिजनौर के युवक की बेरहमी से हत्या: ओला टैक्सी ड्राइवर को चाकुओं से गोदा, 90 किमी दूर खाई में मिला शव

युद्ध की खबरों से बढ़ी लोगों की चिंता

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव की खबरों ने आम लोगों के मन में यह आशंका पैदा कर दी है कि इसका असर जल्द ही पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों पर पड़ सकता है। हाल ही में रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी होने के बाद लोगों को यह डर सताने लगा कि पेट्रोल और डीजल भी महंगे हो सकते हैं।

यही वजह है कि अफवाहों के फैलते ही कई लोग अपने वाहनों में सामान्य से ज्यादा ईंधन भरवाने लगे और कुछ लोग भविष्य की आशंका को देखते हुए डीजल का अतिरिक्त स्टॉक भी जमा कर रहे हैं।

फिलहाल कीमतें स्थिर, पंप संचालकों का दावा

पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में किसी तरह का बदलाव नहीं हुआ है। पंपों पर अभी भी पुरानी दरों पर ही ईंधन की सप्लाई हो रही है और उसी कीमत पर बिक्री भी की जा रही है। जिले में वर्तमान समय में पेट्रोल की कीमत 94.94 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 88.08 रुपये प्रति लीटर है। पंप संचालकों के अनुसार अभी तक कंपनियों की ओर से दाम बढ़ाने को लेकर कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है।

लंबा चला युद्ध तो बढ़ सकती है कीमत

जिलाधिकारी आवास के सामने स्थित मेट्रोपोलिस मोटर पंप के मैनेजर अमित अग्रवाल का कहना है कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल पुराने दामों पर ही बिक रहे हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए भविष्य में कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उनका कहना है कि युद्ध के कारण ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने की आशंका रहती है और इसका असर पेट्रोलियम कंपनियों की लागत पर पड़ सकता है। इसी वजह से कंपनियां अब एडवांस पेमेंट पर माल देने के लिए दबाव भी बना रही हैं।

सप्लाई सामान्य लेकिन लोगों में डर

अंबेडकर पार्क के सामने स्थित इंदिरा फिलिंग स्टेशन के संचालक गुंजन का कहना है कि अभी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में किसी तरह की बढ़ोतरी नहीं हुई है और न ही इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना मिली है। पंप पर सामान्य तरीके से एक दिन छोड़कर तेल की सप्लाई हो रही है। हालांकि उनका कहना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए भविष्य में कीमतों में बदलाव संभव हो सकता है, इसलिए लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है।

सोशल मीडिया पर फैलती रहीं भ्रामक खबरें

इंटरनेट मीडिया पर कुछ शरारती तत्वों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर भ्रामक संदेश फैलाकर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश की। कई पोस्ट में दावा किया गया कि डीजल के दाम में 25 रुपये और पेट्रोल के दाम में 30 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी होने वाली है।

यह संदेश तेजी से वायरल हुआ और लोगों में एकबारगी चिंता बढ़ गई। कई लोग इन खबरों की सच्चाई जानने के लिए सीधे पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए, जहां उन्हें पता चला कि कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

जिलाधिकारी ने अफवाहों से बचने की अपील की

डीजल और पेट्रोल की कीमतों को लेकर फैल रही अफवाहों को देखते हुए जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी भी सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया और जिला प्रशासन के आधिकारिक अकाउंट के माध्यम से लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाने से संबंधित कोई निर्देश जारी नहीं हुए हैं।

Also Read
View All

अगली खबर