
मुंबई में बिजनौर के युवक की बेरहमी से हत्या (Image - Freepik)
Bijnor ola driver murder Mumbai: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के शेरकोट कस्बे के खुराड़ा मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय मोहम्मद नासिर की मुंबई में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। नासिर ओला कंपनी के लिए टैक्सी चलाकर अपनी रोजी-रोटी कमा रहा था। इस दर्दनाक घटना की खबर जैसे ही उसके परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मोहम्मद नासिर पुत्र सलामतुल्लाह करीब दो महीने पहले ही रोजगार की तलाश में मुंबई गया था। वहां वह ठाणे जिले के एरौली इलाके में किराए पर रहकर ओला कंपनी के लिए टैक्सी चलाता था। परिवार के लोगों का कहना है कि नासिर मेहनती और शांत स्वभाव का था और घर की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए ही मुंबई गया था।
गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे नासिर ने टीटवाला इलाके से पुणे जाने के लिए एक ऑनलाइन बुकिंग स्वीकार की थी। शाम करीब 5 बजे उसने अपने भाई शाहनवाज से फोन पर बात की थी। इसके बाद अचानक उसका फोन बंद हो गया और परिवार का उससे संपर्क पूरी तरह टूट गया। परिवार के लोग लगातार फोन मिलाते रहे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
शुक्रवार रात करीब 8 बजे नासिर की टैक्सी उसी स्थान पर लावारिस हालत में खड़ी मिली, जहां से उसने सवारी बुकिंग ली थी। नासिर के बड़े भाई आमिर ने जब फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद लोकेशन ट्रैक की गई तो पता चला कि कार वहीं खड़ी है। जब आमिर मौके पर पहुंचे तो नासिर कार में नहीं था, लेकिन गाड़ी के अंदर खून फैला हुआ था। कार के अंदर से नासिर की चप्पल और मोबाइल फोन भी बरामद हुआ, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसके बाद शनिवार रात करीब ढाई बजे टीटवाला से लगभग 90 किलोमीटर दूर जुन्नर घाट इलाके में सड़क किनारे एक खाई में नासिर का शव बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार उसके शरीर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे, जिससे साफ है कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को एक महत्वपूर्ण सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। इस फुटेज में नासिर की कार से एक व्यक्ति बाहर निकलता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस इस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच तेज कर दी गई है।
जैसे ही नासिर की हत्या की खबर शेरकोट स्थित उसके घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। नासिर के पिता सलामतुल्लाह शेरकोट नगर पालिका में सभासद रह चुके हैं। इस दर्दनाक घटना से पूरे नगर में शोक की लहर फैल गई।
परिवार के सदस्य नासिर का शव लेने के लिए मुंबई पहुंच गए हैं और शव को शेरकोट लाया जा रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Published on:
08 Mar 2026 06:59 pm
बड़ी खबरें
View Allउत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
