28 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रामपुर में शादी की खुशियां मातम में बदलीं: रामगंगा में डूबे 6 युवक, दूल्हे के भाई की मौत, एक अब भी लापता

Rampur News: यूपी के रामपुर में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब रामगंगा नदी में मंढा प्रवाहित करने गए छह युवक तेज बहाव में डूबने लगे। चार को बचा लिया गया, लेकिन दूल्हे के भाई की मौत हो गई, जबकि एक युवक अब भी लापता है।

2 min read
Google source verification

रामपुर में शादी की खुशियां मातम में बदलीं | AI Generated Image

6 Youths Drowned in Ramganga: रामपुर के शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव कूप में एक शादी का माहौल अचानक मातम में बदल गया। सोमवार शाम रामगंगा नदी में मंढा प्रवाहित करने गए छह युवक हादसे का शिकार हो गए। इनमें से चार युवकों को ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दूल्हे के भाई नन्हें (30) की मौत हो गई, जबकि उसका ममेरा भाई मुन्ना अब भी लापता है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

शादी के बाद चल रही थी विदाई की तैयारियां

गांव निवासी श्याम लाल के बेटे राजा उर्फ राजकुमार की शादी रविवार को संपन्न हुई थी। बारात बरेली के आंवला थाना क्षेत्र के सुरजनपुर गई थी और सोमवार सुबह दुल्हन के साथ वापस लौटी थी। घर में रिश्तेदारों की विदाई की तैयारियां चल रही थीं और माहौल खुशियों से भरा हुआ था। इसी दौरान परिवार के सदस्य परंपरा के अनुसार मंढा प्रवाहित करने के लिए रामगंगा नदी की ओर रवाना हुए।

नहाने के दौरान हादसे ने लिया विकराल रूप

मंढा प्रवाहित करने के बाद दूल्हे के दो भाई नन्हें और करन अपने दोस्तों लकी, संदीप और बरेली से आए ममेरे भाइयों कल्लू और मुन्ना के साथ नदी में नहाने लगे। इसी दौरान अचानक तेज बहाव ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते सभी युवक गहरे पानी में फंस गए और डूबने लगे। किनारे खड़े लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो तुरंत शोर मचाया और मदद के लिए दौड़ पड़े।

ग्रामीणों और तैराकों ने बचाई चार युवकों की जान

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण और तैराक मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद करन, लकी, संदीप और कल्लू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, नन्हें और मुन्ना गहरे पानी में लहरों के बीच गायब हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल ले जाते समय दूल्हे के भाई ने तोड़ा दम

घंटों की तलाश के बाद तैराकों ने नन्हें को अचेत अवस्था में बाहर निकाला। परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए बरेली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस खबर के मिलते ही घर में कोहराम मच गया और शादी का घर शोक में डूब गया।

लापता युवक की तलाश जारी

दूसरी ओर, ममेरा भाई मुन्ना अब भी लापता है। पुलिस और स्थानीय गोताखोर उसकी तलाश में लगातार जुटे हुए हैं। नदी के आसपास सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। परिजन उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं, वहीं गांव में हर किसी की नजरें तलाश अभियान पर टिकी हुई हैं।