Rampur News: कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर रामपुर जिले के विकास कार्यों पर चर्चा की।
Rampur sugar mill gets 75 crores: उत्तर प्रदेश के कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने रामपुर जनपद के विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
राज्यमंत्री औलख ने मुख्यमंत्री को बताया कि रामपुर में विभिन्न जनोपयोगी विकास परियोजनाएं प्रगति पर हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिलासपुर क्षेत्र स्थित रुद्रविलास चीनी मिल को 75 करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराना एक सराहनीय कदम है, जिससे क्षेत्र के गन्ना किसानों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा।
बैठक के दौरान औलख ने जिले में औद्योगिक विकास से जुड़े प्रस्तावों और योजनाओं की भी जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को रामपुर आने का निमंत्रण भी दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार करते हुए जल्द ही रामपुर दौरे का आश्वासन दिया।