25 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रामपुर में मस्जिद निर्माण पर संग्राम: दरोगा पर गिरी गाज, सिपाही नपे; गांव में भारी पुलिस बल तैनात

Rampur News: रामपुर के मिलक क्षेत्र के गांव निस्वी में मस्जिद के पुनर्निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया। अधिक क्षेत्रफल और मीनार निर्माण पर आपत्ति के बाद प्रदर्शन हुआ।

2 min read
Google source verification
rampur mosque reconstruction dispute police

रामपुर में मस्जिद निर्माण पर संग्राम..

Mosque Reconstruction Rampur: रामपुर जनपद के मिलक क्षेत्र स्थित गांव निस्वी में पुरानी मस्जिद के पुनर्निर्माण को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद की स्थिति पैदा हो गई। आरोप है कि मस्जिद का निर्माण पहले के मुकाबले अधिक क्षेत्रफल में किया जा रहा है, साथ ही नई मीनार भी बनाई जा रही है। दूसरे समुदाय के लोगों ने इसे नियमों के खिलाफ बताते हुए प्रशासन से आपत्ति जताई और निर्माण को तत्काल रोकने की मांग की।

कोतवाली में पहुंचा विरोध, लगे नारे

निर्माण कार्य के विरोध में गांव के कुछ लोग मिलक कोतवाली पहुंच गए, जहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि बिना अनुमति मस्जिद का विस्तार किया गया तो इससे गांव में साम्प्रदायिक तनाव की स्थिति बन सकती है। उन्होंने प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस पर अभद्रता का आरोप

प्रदर्शन के दौरान एक युवक ने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने पहुंचे लोगों के साथ पुलिसकर्मियों ने दुर्व्यवहार किया। युवक के मुताबिक, कोतवाली में तैनात एक सिपाही ने उसे अंदर बुलाकर थप्पड़ मारा और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। वहीं एक दरोगा पर भी अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया।

एसपी की कार्रवाई, दरोगा लाइन हाजिर

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विद्यासागर मिश्र ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दरोगा सचिन को लाइन हाजिर कर दिया, जबकि सिपाही अंकित कुमार को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी नागरिक के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी कर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच जारी है।

प्रशासन को सौंपा गया ज्ञापन

विरोध कर रहे लोगों ने एसडीएम को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार अंकित अवस्थी को सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि मस्जिद का निर्माण पूर्व निर्धारित क्षेत्रफल के अनुसार ही हो और बिना अनुमति मीनार का निर्माण न किया जाए। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग भी की गई।

गांव में पुलिस तैनात, निर्माण पर रोक

स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने एहतियातन मस्जिद के निर्माण कार्य को अस्थायी रूप से रुकवा दिया है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा।

सामाजिक संगठनों की प्रतिक्रिया

मामले पर बजरंग दल के जिला मंत्री अमृत गौड़ ने बयान देते हुए कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल का निर्माण नियमों के तहत ही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि पहले मस्जिद में मीनार नहीं थी, तो बिना अनुमति उसका निर्माण गलत है और इससे गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

प्रशासन का दावा - गांव में शांति कायम

एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है और फिलहाल गांव में स्थिति शांतिपूर्ण है। पुलिस गांव में लगातार निगरानी रखे हुए है और किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

बड़ी खबरें

View All

रामपुर

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग