
रामपुर। उत्तर प्रदेश में पुलिस पर एक बार फिर लॉकडाउन का पालन कराने पर हमला कर दिया गया। ताजा मामला रामपुर का है। मंगलवार रात को कस्बा दंडियाल में लॉकडाउन का पालन कराने गए अपर जिलाधिकारी समेत कई प्रसाशनिक अफसरों के सामने कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमलावर दो लोगों को छुड़ाकर भी ले गए। पुलिस ने जब इसका विरोध किया तो महिलाओं ने उनको दौड़ा लिया।
भीड़ ने दोनों को छुड़ाया
एडिशनल एसपी अरुण कुमार बोले, एडीएम राजस्व समेत ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गौरव कुमार भारी पुलिस फोर्स के साथ कस्बा दंडियाल में लॉकडाउन का पालन कराने के लिए निकले थे। बाइक सवार दो लोग उन्हें लॉकडाउन का उल्लंघन करते मिले। इसको लेकर पुलिस ने उनको रोक लिया। इस पर वहां हंगामा हो गया। महिलाओं समेत कई लोगों ने पुलिस कर्मियों से हाथपाई कर दी। हाथापाई में भीड़ के लोग लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले दोनों लोगों को छुड़ाकर ले गए।
कस्बे में पुलिस फोर्स तैनात
घटना के बाद कस्बे में भारी पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया है। इसके साथ ही कुछ नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ टांडा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एडिशनल एसपी ने कहा कि पुलिस वालों पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। देर रात तक कस्बे में एडिशनल एसपी अरुण कुमार मोर्चा संभाले हुए थे। उनके साथ राजस्व प्रशासन अपर जिलाधिकारी राम भरत तिवारी मौजूद थे। उनके अलावा एसडीएम गौरव कुमार भी वहां डेरा जमाए हुए थे। बता दें कि मुजफ्फरनगर और रामपुर में पहले भी लॉकडाउन का पालन कराने गई पुलिस टीम पर हमला हो चुका है।