12 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

आजम खान से मिलने रामपुर जेल पहुंचे शिवपाल यादव, जानिए क्या हैं इस मुलाकात के सियासी मायने

Shivpal Singh Yadav met Azam Khan: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव बुधवार को रामपुर जेल पहुंचे और आजम खान से मुलाकात की। आजम गुट की नाराजगी के बीच उनके इस दौरे को सपा के डैमेज कंट्रोल के रूप में देखा जा रहा है।
2 min read
Google source verification
Shivpal Singh Yadav met Azam Khan , UP Politics, Rampur News

आजम खान से मिलने रामपुर जेल पहुंचे शिवपाल यादव (फोटो- पत्रिका)

Shivpal Singh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव बुधवार को रामपुर जेल पहुंचे। यहां उन्होंने सपा के कद्दावर नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम से मुलाकात की। शिवपाल यादव के इस दौरे के कई बड़े सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि वह आजम खान और उनके समर्थकों की नाराजगी दूर करने और पार्टी में डैमेज कंट्रोल के लिए यहां आए हैं।

परिवार और छात्रों से भी करेंगे मुलाकात

शिवपाल यादव बुधवार सुबह करीब 11 बजे रामपुर जेल पहुंचे जहां समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। जेल जाते समय उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की और कहा कि आजम खान से मिलने के बाद बाहर आकर वह सवालों के जवाब देंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक जेल में मुलाकात के बाद शिवपाल यादव आजम खान के आवास पर जाएंगे। वहां वह आजम की पत्नी और उनके बड़े बेटे अदीब आजम से मुलाकात करेंगे। इसके बाद उनका मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी जाने का भी कार्यक्रम है। वहां वे शिक्षकों और छात्रों से बातचीत करेंगे और फिर सीधे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

आखिर क्यों नाराज है आजम गुट

सूत्रों की मानें तो आजम खान और उनके समर्थक इन दिनों सपा सांसद डिंपल यादव और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से काफी नाराज चल रहे हैं। उनकी यह नाराजगी अपना दल के कुछ नेताओं को समाजवादी पार्टी में शामिल कराने को लेकर है। सबसे बड़ी बात यह है कि इन नेताओं को रामपुर से सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता दिलाई गई थी।

विरोधियों को पार्टी में शामिल करने पर है आपत्ति

सपा में शामिल होने वालों में अपना दल एस के प्रदेश महासचिव मोहम्मद वकील एडवोकेट का नाम प्रमुख है जिन्हें आजम खान का विरोधी माना जाता है। जैसे ही इस बात की जानकारी रामपुर में आजम खान के करीबियों को लगी उन्होंने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। आजम समर्थकों का कहना है कि आजम खान के राजनीतिक दुश्मनों को इस तरह पार्टी में शामिल करना और उनके समानांतर कोई नया सिस्टम तैयार करने की कोशिश को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनका आरोप है कि ऐसे लोगों को पार्टी में लेने से संगठन मजबूत होने के बजाय कमजोर होगा और पार्टी में बिखराव आएगा।

अखिलेश तक पहुंची शिकायत

आजम गुट ने अपनी नाराजगी की शिकायत सीधे सपा मुखिया अखिलेश यादव तक पहुंचाई है। इसी शिकायत के बाद शिवपाल यादव के इस रामपुर दौरे को बड़े डैमेज कंट्रोल के रूप में देखा जा रहा है। आपको बता दें कि सपा नेता आजम खान और रामपुर के मौजूदा सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी के बीच की राजनीतिक अदावत जगजाहिर है। लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने आजम की मर्जी के खिलाफ जाकर मोहिबुल्लाह को टिकट दिया था जिसके बाद भी आजम खान खेमे की तरफ से कड़ी नाराजगी देखने को मिली थी। तमाम कोशिशों के बाद भी रामपुर में इन दोनों नेताओं के बीच की तल्खी कम नहीं हो पा रही है।