
Jharkhand Exam Irregularities Protest; देश और राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मुद्दों पर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रांची में विरोध प्रदर्शन के दौरान एआईएसए की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने सरकार से परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने और जिम्मेदारियों को तय करने की मांग की।
नेहा बोरा ने कहा कि देश और झारखंड में आयोजित होने वाली हर एक परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह तरीके से आयोजित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब भी कोई पेपर लीक होता है, तो उसकी जिम्मेदारी केवल निजी एजेंसियों पर डालकर सरकार अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकती। इसमें शामिल संबंधित सरकारी अधिकारियों और तंत्र की भी जवाबदेही तय होनी चाहिए।
AISA अध्यक्ष ने मांग करते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली में शामिल ऐसी तमाम निजी एजेंसियां, जिन पर भ्रष्टाचार, गड़बड़ियों और पेपर लीक के आरोप लग रहे हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से इस प्रक्रिया से बाहर किया जाना चाहिए। छात्रों के भविष्य के लिए संघर्ष जारी रखने की बात दोहराते हुए नेहा बोरा ने कहा कि संगठन आगामी 10 तारीख को छात्रों द्वारा बुलाए गए आंदोलन का पूर्ण समर्थन करेगा और छात्रों के अधिकारों व उनके बेहतर भविष्य के लिए आगे भी मजबूती से खड़ा रहेगा।
आपको ता दें कि प्रदर्शन के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब AISA की अध्यक्ष नेहा बोरा कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं। वहां मौजूद कुछ प्रदर्शनकारियों ने उनके मंच पर आने का विरोध किया और नारेबाजी करते हुए उन्हें मंच छोड़ने के लिए कहा। इसी बीच नेहा बोरा पर स्याही फेंके जाने की घटना भी हुई। प्रदर्शन में शामिल कुछ छात्रों ने राजनीतिक और कथित देश-विरोधी नारों पर भी आपत्ति जताई। इसके बाद मौके पर 'जय हिंद' और 'जय भारत' के नारे लगाए गए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं, नेहा बोरा पर स्याही फेंकने वाले शख्स को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।