
(पत्रिका ब्यूरो ,रांची): रांची पुलिस ने व्यवसायी नरेंद्र सिंह हत्या और लूटकांड के मुख्य आरोपी मोहम्मद फैसल को गिरफ्तार कर कर लिया है। रांची के सिटी एसपी ने बताया कि व्यवसायी हत्याकांड के आरोपी फैसल को रांची के खादगढ़ा बसअड्डे से गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
इनके साहस से पकड़ में आया आरोपी
सिटी एसपी ने बताया कि रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र के मणिटोला के रहने वाले फैसल को शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे खादगढ़ा बस स्टैंड के निकट से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से देशी पिस्तौल अर कारतूस के अलावा एमआई कंपनी का एक स्मार्ट फोन भी बरामद किया गया। इस छापामारी दल में लोअर बाजार थाना के प्रभारी सुमन कुमार सिन्हा, पुलिस अवर निरीक्षक विनय कुमार यादव और सिपाही असीम केरकेट्टा, विजय कुमार और जयराम यादव शामिल थे।
इससे पहले व्यवसायी हत्याकांड में शामिल गिरफ्तार अपराधियों ने पुलिसिया पूछताछ में यह खुलासा किया था कि लूटपाट का विरोध करने पर नरेंद्र सिंह होरा की हत्या की गई थी। गिरफ्तार अपराधियों द्वारा पहले भी कई अपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया चुका है और लूट की योजना बनाते समय ही इन सभी को गिरफ्तार किया गया था।
गोली मार रूपए लेकर फरार हो गए थे आरोपी
गौरतलब है कि विगत 5 अक्टूबर को व्यवसायी नरेंद्र सिंह होरा की हत्या पिछले दिनों राजधानी रांची में उस वक्त कर दी गई थी, जब वे अपर बाजार स्थित अपने दुकान को बंद कर लौट रहे थे। करीब एक दर्जन अपराधियों ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया था और इस मामले में व्यवसायी को गोली मारने के बाद अपराधियों ने उनकी स्कूटी में रखे पांच लाख रुपये को भी लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने पिछले शुक्रवार को ही इस हत्याकांड मामले में शामिल नौ अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया था। इन अपराधियों ने पुलिसिया पूछताछ में यह जानकारी दी थी कि लूटपाट में शूटर फैसल ने ही व्यसवसायी पर गोली चलाई थी।