
(रांची): देशभर के साथ झारखंड में भी आज पुलिस संस्मरण दिवस मनाया गया और शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दिवस को उन बहादुर पुलिस शहीदों की याद में मनाया जाता हैं जिन्होंने अपनी ड्यूटी के दौरान जान गवाईं। जनवरी 1960 में हुए राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के इंस्पेक्टर जनरल के वार्षिक सम्मेलन में यह फैसला किया गया था कि आज से यानी 21 अक्टूबर को पुलिस स्मरणोत्सव दिवस मनाया जाएगा।
इस मौके पर राजधानी रांची में भी कई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रांची के पुलिस लाइन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें वरीय पुलिस अधीक्षक अनीश गुप्ता और सिटी एसपी समेत कई पुलिस अधिकारी शामिल हुए और एसएसपी ने शहीदों के परिजनों से मिलकर बातचीत की समस्याएं सुनी।
जमशेदपुर के पुलिस लाइन में पुलिस संस्मरण दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देकर उन्हें याद किया गया। एसएसपी ने शहीद जवानों को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद पुलिस लाइन में जवानों ने शहीदों को सलामी दी। इसके बाद एसएसपी ने पुलिस संस्मरण दिवस पर उपस्थित सभी पुलिस पदाधिकारियों व जवानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में सर्वोत्तम सेवा अपने कर्तव्य क्षेत्र में कार्य करते हुए देश के लिए कुर्बान होना है। पुलिस विभाग में हर साल अपना कर्तव्य निभाते हुए सैकड़ों पुलिस पदाधिकारी व जवान शहीद होते हैं। आज का दिन उन्हीं शहीदों के लिए समर्पित है।
पुलिस लाइन में शहीद जवानों को श्रद्धाजंलि देने के बाद संबोधित करते समय एसएसपी जवानों की शहादत याद करते हुए भावुक हो गए। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने अपने-अपने शस्त्र झुकाकर नम आंखों से शहीदों को सलामी दी। राज्य के अन्य जिलों में भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।