
रवि सिन्हा की रिपोर्ट.....
(रांची): झारखंड के अधिकांश हिस्सों में प्री-मॉनसून की बारिश हो रही है और अगले 48 घंटों में मॉनसून के प्रवेश कर जाने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग के रांची कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून दक्षिण भारत के अलावा उड़ीसा, छत्तीसगढ़ और बंगाल की खाड़ी के एक बड़े भाग में प्रवेश कर गया है। राज्य में अगले 48 से 60 घंटों में मॉनसून के पहुंचने की संभावना है।
भारी बारिश होने की संभावना,यह रह सकता है तापमान
इधर, पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्से में वर्षा हुई है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की भी खबर मिली है। पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला में सबसे अधिक 68 मिलीमीटर वर्षा हुई है। राजधानी रांची में भी लगभग 21 मिमी बारिश हुई। इस बीच मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि अगले दो-तीन दिनों में राज्य में व्यापक वर्षा की संभावना है। कहीं-कहीं भारी बारिश होने और बिजली गिरने की भी आशंका व्यक्त की गयी है। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान इस दौरान 32 से 34 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
बीते दिनों हुई बारिश से राज्य में हुई इतने लोगों की मौत
गौरतलब है कि पिछले एक पखवाड़े के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मॉनसून के पहले ही वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में तीन दर्जन से अधिक लोगों के मौत होने की खबर है। राज्य सरकार की ओर से वज्रपात से मरने वाले परिवारों को चार-चार लाख रुपए मुआवजा देने का प्रावधान किया है। वहीं घायलों के लिए मुआवजा राशि और इलाज की उचित व्यवस्था समेत अन्य सामाजिक योजनाओं के तहत लाभ देने का प्रावधान है।