
रतलाम. मादक पदार्थों की तस्करी में अब तक ज्यादातर या यूं कहे कि 99 फीसदी से ज्यादा मामलों में पुरुष और युवा ही सामने आते रहे हैं। अब इस धंधे में महिलाएं भी उतर आई है। ताजा मामला आलोट क्षेत्र में सामने आया है। आलोट पुलिस ने पिपलिया सिसौदिया गांव के रास्ते पर ऐसी ही चार महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 60 किलो डोडाचूरा जब्त किया है। आलोट पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चारों महिलाओं के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस पंजीबद्ध कर लिया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत 9 लाख 11 हजार 250 रुपये बताई गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। एसपी अमित कुमार ने बताया कि डोडाचूरा तस्करी में गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ की जा रही है। इन्हें देने और इनसे लेने वालों की भी तलाश की जा रही है। यह भी पता किया जा रहा है कि ये महिलाएं पहले भी इस तरह की तस्करी कर चुकी है या नहीं।
आलोट पुलिस को मुखबिर से सूनचा मिली थी कि कुछ महिलाएं संदिग्ध बैग लेकर क्षेत्र में हैं। इस सूचना पर पुलिस ने 26 अक्टूबर को ग्राम पिपलिया सिसोदिया के खेतों के कच्चे रास्ते पर कार्रवाई करते हुए चार महिलाओं को रोककर तलाशी ली तो उनके पास डोडाचूरा पाया गया। पलिस चारों महिलाओं को डोडाचूरा के साथ पकड़क़र थाने लेकर पहुंची। जांच के बाद इनकी तौल करने पर डोडाचूरा का वजन 60 किलो 750 ग्राम निकला।
झाबुआ जिले की हैं महिलाएं
पुलिस ने महिलाओं से पूछताछ की तो वे सभी झाबुआ जिले की रहने वाली निकली। गिरफ्तार की गई महिला आरोपियों में रेवा पति भूरा कलारा (35) निवासी ग्राम कालिया वीरन, थाना मेघनगर, ललिता पति दिनेश बारिया (38), निवासी ग्राम राखडिय़ा, थाना मेघनगर, रमिला पति परसू वसुनिया (40), निवासी ग्राम सालामहुडा, थाना कल्याणपुरा, और सन्नू पति बाबू निनामा (40), निवासी सैलानी मोहल्ला, मेघनगर शामिल हैं। सभी से अब पुलिस यह उगलवाने का प्रयास कर रही है कि वे कहां से डोडाचूरा लेकर आ रही थी और कहां ले जा रही थी। किसे बेचने वाली थी। इन महिलाओं के पीछे किन-किन लोगों के हाथ हैं।
राजस्थान से कनेक्शन
डोडाचूरा लेकर आने वाली महिलाओं के बारे में जो जानकारी सामने आई है वह प्रारंभिक रूप से राजस्थान से इस तरफ आई है। संभवत: मंदसौर और नीमच जिले से राजस्थान तरफ होते हुए इधर आई है। हालांकि इस बात की अभी पुष्टि नहीं हुई है। गौरतलब है कि मप्र के मंदसौर-नीमच और राजस्थान के चित्तौड, निंबाहेड़ा आदि मे अफीम की भारी मात्रा में खेती होती है।