रतलाम

कलेक्टर का बड़ा निर्णय, सरवन में स्वामित्व योजना के तहत दोबारा होगा सर्वे

मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में कलेक्टर एवं जिलाधिकारियों ने सरवन में नागरिकों की समस्याएं सुनी और उनके समाधान के लिए संबंधित अफसरों को निर्देश दिए। सरवन गांव में स्वामित्व योजना के तहत दोबारा सर्वे कराने की पहल भी की गई।
3 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 9:26 PM IST
ratlam news
जनता की सुनवाई करते कलेक्टर

रतलाम. मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत सरवन परिसर में जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर अजय कटेसरिया, एसपी अमित कुमार, सीईओ जिपं वैशाली जैन एवं अन्य जिलाधिकारियों ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान एएसपी राकेश पंद्रो, एसडीएम सुनील जायसवाल, जनपद अध्यक्ष कैलाशी बाई चारेल, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

दोबारा सर्वे कराने की पहल

कलेक्टर कटेसरिया ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि ग्राम सरवन में स्वामित्व योजना के अंतर्गत पूर्व में किया गया सर्वे ठीक से नहीं हुआ प्रतीत होता है, जिसके कारण पात्र लोगों को पट्टे नहीं मिल पा रहे हैं। इस विषय को राज्य शासन के संज्ञान में लाया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्तमान पट्टा वितरण की प्रक्रिया के बाद आगामी दो से तीन माह में स्वामित्व-२ के तहत दोबारा सर्वे कराया जा सकेगा। इससे पात्र हितग्राहियों को स्वामित्व संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

उद्यमी संवाद में युवाओं ने साझा किए अनुभव

शिविर में उद्यमी संवाद का आयोजन भी किया गया। इसमें युवा उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए। उद्यमी नागूलाल ने बताया कि उन्होंने उद्यानिकी विभाग की योजनाओं के माध्यम से पॉलीहाउस स्थापित किया। इसके लिए ऋण एवं अनुदान प्राप्त किया, जिससे अब उन्हें अच्छी फसल मिल रही है।

किसानों को ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई योजनाओं की जानकारी देते हुए ऑनलाइन आवेदन करने की सलाह दी गई। बताया गया कि इन प्रणालियों से पानी की बचत के साथ बेहतर फसल उत्पादन किया जा सकता है तथा शासन द्वारा अनुदान भी दिया जाता है।

किसान क्रेडिट कार्ड योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि छोटे किसान भी सहकारी बैंक के माध्यम से केसीसी का लाभ ले सकते हैं। समय पर ऋण चुकाने पर ब्याज नहीं लगता। इससे किसानों को खाद सहित कृषि संबंधी आवश्यकताओं के लिए सुविधा मिलती है। किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया गया। कृषि विभाग द्वारा सरसों के बीज की व्यवस्था की जानकारी दी गई। उद्यानिकी विभाग ने पीएमएफएमई योजना के बारे में भी बताया।

नागरिकों ने रखीं विभिन्न समस्याएं

शिविर में नागरिकों ने जमीन पर कब्जा दिलाने, नामांतरण, अतिक्रमण हटाने, भूमि एवं मंदिर भूमि विवाद, राशन कार्ड बनवाने, आवास निर्माण, स्वामित्व सर्वे तथा मकान का पट्टा दिलाने जैसी समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने अस्पताल में डॉक्टरों की कमी, रात्रि में डॉक्टर उपलब्ध नहीं रहने तथा एंबुलेंस की समस्या से भी अवगत कराया। इसके अलावा सरवन में कृषि मंडी प्रारंभ करने और पेयजल समस्या के निराकरण की मांग रखी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित विषयों पर राज्य स्तर पर भी चर्चा करने की बात कही।

ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि सरवन में 108 एंबुलेंस आवश्यकता के समय उपलब्ध नहीं रहती है। एंबुलेंस का संचालन जय अंबेट्रैवल्स करती है, लेकिन जरूरत पड़ने पर वाहन इंदौर भेज दिए जाते हैं, जिससे सरवन में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं रहती। ग्रामीणों ने बताया कि सरवन के लिए दो वाहनों का टेंडर किया गया था, जिनमें एक जननी एक्सप्रेस तथा दूसरा बेसिक लाइफ सपोर्ट के लिए निर्धारित था, लेकिन दोनों वाहन नियमित रूप से उपलब्ध नहीं रहते हैं।

इस पर कलेक्टर ने एसडीएम को निर्देश दिए कि एंबुलेंस की उपलब्धता एवं संचालन से संबंधित पूरे मामले की जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि जिला स्तर से इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शासन स्तर पर भोपाल भेजी जाएगी, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं की कलेक्टर ने की सराहना

निरीक्षण के दौरान बताया गया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरवन में प्रतिमाह लगभग 180 प्रसव होते हैं। निरीक्षण के दिन भी 51 मरीजों की ओपीडी की गई थी। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की।

Updated on:
13 Nov 2026, 9:26 PM IST
Published on: