
रतलाम। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सोचा भी नहीं होगा कि वे विश्व में अपने नमकीन के लिए प्रसिद्ध जिले रतलाम के जावरा जब आएंगे तो उनके साथ एेसा होगा। भाजपा के इस नेता को भरोसा था कि जब वे जाएंगे तो पूरा शहर उनके स्वागत के लिए उमड़ पडेग़ा। हो इसके विपरीत रहा है। शाम को 4 बजे भाजपा संगठन के इस सबसे बड़े नेता अमित शाह का जब जावरा में आगमन होगा तो पूरा शहर उनको बंद नजर आएगा। हैलिपेड से लेकर सभा स्थल तक उनको काले झंडे नजर आएंगे, क्योंकि महावीर सेना, करणी सेना व सपाक्स ने मिलकर एससीएसटी एक्ट के विरोध में काले झंडे लगाकर शहर बंद किया है।
बता दे कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शनिवार शाम को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ रतलाम जिले के जावरा में किसान सम्मेलन में आ रहे है। वे यहां पर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार व राज्य की शिवराज सिंह चौहान सरकार ने अब तक किसानों के लिए जो किया है, उस पर बात करेंगे। भाजपा इस सम्मेलन के लिए एक सप्ताह से तैयारी कर रही थी। गुरुवार शाम को अचानक से महावीर सेना का गठन हुआ। इसके बाद निर्णय लिया गया कि एसीएसटी एक्ट का अब तक सपाक्स व करणी सेना विरोध कर रही है, अब जैन समाज को भी मैदान में उतरना होगा।
हर दुकान लगा काला झंडा
दो दिन की तैयारी कारोबारियों ने की। इसके बाद हर दुकान के बाद काला झंडा सुबह से लग गया है। बाजार पूरी तरह से बंद है। जावरा के भाजपा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे के निवास स्थान चूड़ी बाजार क्षेत्र में दुकाने खुली है, लेकिन शेष बाजार बंद है। यहां तक की भाजपा समर्थक नेताओं की भी दुकाने सुबह से बंद है। शहर में लोग चाय से लेकर नाश्ते को तरस गए है। इन सब के बीच करणी सेना, महावीर सेना च सपाक्स ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह के आने के दौरान काले झंडे दिखाने की योजना बना ली है।
इस पर लगा दिया प्रतिबंध
विरोध को देखते हुए प्रशासन ने सभा स्थल पर काले कपडे़ पहनकर आने, काला रुमाल लाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। इतना ही नहीं, चप्पे-चप्पे पर तैनात पुलिस ने हर आने-जाने पर तगड़ी नजर रखे हुए है। कमांडो सुरक्षा के लिए पैनी नजर रखे हुए है। डॉग स्क्वाड लगे हुए है। इसके अलावा बैरिकेट्स से भी सुरक्षा की जा रही है। असल में जब से एसीएसटी एक्ट में बदलाव केंद्र की मोदी सरकार ने किया है, तब से राज्य में हर नेता का विरोध हो रहा है। इसी अंतर्गत शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह के आने पर दुकान बंद रखी गई है व काले झंडे लगाए गए है।