
रतलाम (नामली)।Bjp Congress Worker Fight In Madhya Pradesh : जिले में अतिवृष्टि के बाद प्रभावित गांव में सहायता और मदद के दावों के बीच राजनीतिक विवाद गहराते जा रहे है। जनप्रतिनिधियों को विरोध का सामना करना पड़ रहा है तो आपसी गुटबाजी के विवादों के बाद अब राजनीतिक हाथापाई भी हो रही है। रविवार को नामली से लगे ग्राम भदवासा में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की और हाथापाई हो गई। नामली थाने पर भाजपा कार्यकर्ता ने शिकायत की है। वहीं, कांग्रेस ने भाजपा पर आरोप लगाकर पुलिस की गांव में तैनाती की मांग रख दी।
प्रदेश कांग्रेस के आव्हान पर जिला कांग्रेस ग्रामीण ने रविवार को भदवासा में ग्राम चौपाल लगाई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश भरावा, ब्लॉक अध्यक्ष सुशील नागर, तूफानसिंह सोनगरा, दिलीप जाट, श्रीनाथ योगी व कारू धाकड़ ग्रामीणों को प्रदेश सरकार की ओर से मुआवजा वितरण का आश्वासन दे रहे थे, इसी दौरान भीड़ में मौजूद भाजपा कार्यकर्ता सुरेन्द्रसिंह और भीमसिंह ने आपत्ति ली तो कांग्रेस कार्यकर्ता उग्र हो गए। भीड़ के बीच भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की और हाथापाई भी हुई। ग्रामीण भी कुछ समझ नहीं पाए, बड़े नेताओ का बीच-बचाव का प्रयास नाकाफी रहा।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने पर की शिकायत
भदवासा में विवाद के बाद भाजपा कार्यकर्ता सुरेन्द्रसिंह ने नामली थाना पर भदवासा निवासी कांग्रेस कार्यकर्ता राजेश और भाई दिनेश के खिलाफ शिकायत की है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि ग्राम चौपाल पर कांग्रेस के लोग सांसद और विधायक के खिलाफ अपशब्द बोल रहे थे, इस पर आपत्ति ली तो राजेश व दिनेश ने विवाद कर मारपीट की। वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ता राजेश राठौर ने कहा कि किसी तरह की मारपीट नहीं हुई है, वे हमारे आयोजन को बिगाड़ रहे थे तो हमने उनको वहां से भगा दिया था।
शिकायत की जांच चल रही
भदवासा के कुछ लोग आए थे, उन्होंने शिकायत दी है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मारपीट की है, हम शिकायत की जांच कर रहे है, गांव में एहतियातन बल लगाया है।
- मानसिंह चौहान, ग्रामीण एसडीओपी रतलाम
प्रतिदिन कर रहे गांवों का दौरा
सीखेड़ी, कांडरवास आदि का दौरा किया है, भाजपा के लोग विवाद खड़ा करने का प्रयास कर रहे है, हमारा मकसद सहायता करना है। भदवास में किसी से कोई मारपीट नहीं हुई।
- राजेश भरावा, जिलाध्यक्ष ग्रामीण कांग्रेस
मामले की जानकारी ले रहे हैं
भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की जानकारी मिली है, गांव में कांग्रेस के लोगों का विरोध हो रहा है तो वे अब भाजपा कार्यकर्ताओं पर विवाद का आरोप लगा रहे है।
- राजेन्द्रसिंह लुनेरा,जिलाध्यक्ष भाजपा रतलाम
MUST READ :