
रतलाम। शहर को सुंदरत बनाने के लिए ५० लाख रुपए की लागत से एक लाख वर्ग किमी में होने वाली वॉल पेंटिंग विवादों में घिर गई है। नगर निगम के इंजीनियर ने घटिया काम का आरोप लगाते हुए फर्म को नोटिस जारी कर काम रुकवा दिया तो फर्म से जुटे पेंटिंग कलाकारों ने बुधवार सुबह सैलाना ओवर ब्रिज पर भजन गाने लगे। मौके पर पहुंची कलेक्टर ने उनके काम की तरीफ की लेकिन शाम को गुणवत्ता जांच का जिम्मा नगर निगम पर छोड़ दिया। इधर नगर निगम ने शाम को अचानक एमआईसी की बैठक कर पेंटिंग के लिए अल्प कालीन निविदा आमंत्रित करने का निर्णय ले लिया।
सूत्रों की माने तो नगर निगम द्वारा समय पर चेत जाने से शासन को लाखों रुपए का फिर से चुना लगने से बच गया है। क्यो कि वर्तमान में जिस फर्म ने वॉल पेंटिंग का ठेका लिया था, उसमें भी सार्थक की सहभागिता है। एेसे में उक्त फर्म के द्वारा काम शुरू कराए जाने के बाद ही गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे और आखिरकार निगम को नोटिस जारी कर काम रूकवाना पड़ा। बुधवार शाम एमआईसी की बैठक में वॉल पेंटिंग के लिए अल्प निविदा जारी करने का निर्णय लिया, जो स्वीकृत भी हो गया।
ब्लैक लिस्टेड व्यक्ति से जुड़ी है फर्म
नगर निगम ने जिस फर्म को काम दिया, उससे जुड़कर काम करने वाले सार्थक सोमानी की फर्म पहले भी ब्लैक लिस्टेड हो चुकी है। महिला एवं बाल विकास विभाग में आंगनवाडि़यों की रंगाई-पुताई के काम में गड़बड़ी सामने आने के बाद उसे ब्लैक लिस्टेड कर दिया गया था। वहीं जिला अस्पताल में होने वाले कार्यों में भी उक्त व्यक्ति द्वारा एक अन्य फर्म के नाम से कार्य किए जाने के दौरान वहां भी इससे काम की गुणवत्ता पर सवाल उठे थे। अब नगर निगम के काम घटिया गुणवत्ता का मामला सामने आया है।
गाड़ी नंबर में भी फर्जीवाड़ा!
ठेकेदार से जुड़े पेंटिंग का काम करने वाले कलाकार जिस जीप में सवार थे, उस पर मप्र शासन लिखा था। वहीं गाड़ी का नंबर भी एमपी ३ सीसी ०३०२ दर्ज था। सार्थक सोमानी से जीप के बारे में जानकारी ली तो उसका कहना था कि शासन की नहीं होकर निजी है। नंबर प्लेट एमपी १३ की है, लेकिन आगे का एक मिट गया है। पीछे नंबर प्लेट नहीं होने का कारण पूछने पर वह भी गिरना बताई। मप्र परिवहन विभाग की वेबसाइड पर एपी १३ के नंबर की जांच करने पर उक्त नंबर कार का होकर उज्जैन निवासी हेमंत कुमार के नाम से होना पाया गया, जबकि उक्त नंबर सार्थक जीप का होना बता रहा था। फर्जी नंबर से जीप चलाए जाने में भी फर्जीवाड़ा उजागर हो रहा है।