रतलाम

छठ उत्सव: सूर्यदेव को अर्घ्य देकर मांगी परिवार की खुशहाली

मंत्री काश्यप शामिल हुए छठ उत्सव में, छठी मैया के जयकारों से गूंजे झाली और हनुमान ताल, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने तालाबों पर पहुंचकर की पूजा-अर्चना, पारंपरिक गीतों और आतिशबाजी से भक्तिमय हुआ माहौल
2 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 9:43 PM IST
Chhath Festival news ratlam
मंत्री काश्यप शामिल हुए छठ उत्सव में, छठी मैया के जयकारों से गूंजे झाली और हनुमान ताल, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने तालाबों पर पहुंचकर की पूजा-अर्चना, पारंपरिक गीतों और आतिशबाजी से भक्तिमय हुआ माहौल

रतलाम। महापर्व छठ की छटा रविवार शाम शहर के झाली तालाब और हनुमान ताल पर देखते ही बनी। सूर्य उपासना के दौरान दोनों जलाशयों पर सैकड़ों की संख्या में उत्तर भारतीय समाजजन परिवार सहित पहुंचे और पूरी श्रद्धा व उत्साह के साथ छठी मैया की आराधना की ।मंत्री चेतन्य काश्यप भी उत्सव में शामिल हुए।

निर्जला व्रत रखने वाली महिलाओं ने सूर्यदेव और छठी मैया से संतान सुख, परिवार की खुशहाली, पति की दीर्घायु और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। शाम होते ही रेलवे कॉलोनी, गुलमोहर कॉलोनी, पटरी पार, इंदिरा नगर, राजीव नगर, अलकापुरी और इंद्रलोक नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु पूजन सामग्री से सजी टोकरियां सिर पर रखकर छठी मैया के गीत गाते हुए घाटों की ओर आते हुए नजर आए।

घाटों पर गूंजे छठी मैया के पारंपरिक गीत

घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे तो ढोल-ढमाकों और आतिशबाजी ने उत्सव का उल्लास बढ़ा दिया। भीड़ को देखते हुए नगर निगम और पुलिस-प्रशासन का अमला भी व्यवस्थाओं में जुटा रहा। तालाब किनारे गन्ने की वेदी सजाकर धूप-दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इसके बाद व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर फलों से भरी टोकरियों के साथ अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया।

आज उगते सूर्य को देंगे अर्घ्य

दीपक पांडे और रोमासिंह ने बताया कि सोमवार तडक़े 4 से 5 बजे श्रद्धालु पुन: घाटों पर पहुंचेंगे। यहां उदय होते सूर्यदेव को अघ्र्य देकर पूजा और आरती की जाएगी। इसके बाद प्रसादी वितरण कर व्रत का पारण होगा और बड़ों का आशीर्वाद लिया जाएगा।

छठ पूजा: हनुमान ताल पहुंचे मंत्री काश्यप

छठ महापर्व की पूजा में रविवार शाम हनुमान ताल पर मंत्री चेतन्य काश्यप पहुंचे। उत्तर भारतीय समाज की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने समाजजनों को शुभकामनाएं दी। मंत्री काश्यप ने कहा कि भारत पर्वो का देश है। प्रत्येक पर्व हमारी संस्कृति को समृद्ध करता है। छठ महापर्व उत्तर भारत में मनाया जाने वाला प्रमुख पर्व है। उन्होंने इस पर्व पर समाज की उन्नति का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस दौरान आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, कोषाध्यक्ष पवन सोमानी, मंडल अध्यक्ष मयुर पुरोहित, महामंत्री विवेक शर्मा, संदीप मौर्य, एमआईसी सदस्य भगतसिंह भदौरिया, निशा सोमानी, देवशंकर पाण्डे, राकेश मिश्रा, रविन्द्र सिंह, अमरसिंह, दिनेश सिंह, पारसनाथ, आदित्य पाण्डे आदि उपस्थित रहे।

Updated on:
15 Nov 2026, 9:43 PM IST
Published on: