रतलाम

धार से अवैध शराब की खेप रतलाम पहुंचने पर कलेक्टर की फटकार

प्रीतमनगर में भी बिक्री की शिकायत, स्वामित्व योजना के सर्वे रिकॉर्ड में मिली त्रुटियों को ग्राम पंचायत और पटवारी के संयुक्त परीक्षण से चिन्हित करने को कहा। स्वामित्व सर्वे की गड़बडिय़ां 1 दिसंबर तक सुधारने के निर्देश।
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 9:37 PM IST
Ratlam Collector Breaking News Excise Department
प्रीतमनगर में भी बिक्री की शिकायत, स्वामित्व योजना के सर्वे रिकॉर्ड में मिली त्रुटियों को ग्राम पंचायत और पटवारी के संयुक्त परीक्षण से चिन्हित करने को कहा। स्वामित्व सर्वे की गड़बडिय़ां 1 दिसंबर तक सुधारने के निर्देश।

रतलाम। धार जिले की सीमा से रतलाम में अवैध शराब की आपूर्ति और बिक्री की शिकायतों पर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने सख्त नाराजगी जताई है। उन्होंने आबकारी विभाग को तत्काल कार्रवाई कर अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए।

प्रीतमनगर में भी अवैध शराब बिक्री की शिकायत सामने आने पर उन्होंने विभाग को कड़ी चेतावनी दी। यह निर्देश ग्राम बिलपांक के सामुदायिक भवन में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में कलेक्टर, ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामोर और अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनकर निराकरण के निर्देश दिए।

स्वामित्व सर्वे की त्रुटियों पर तय की समयसीमा

कलेक्टर ने स्वामित्व योजना के सर्वे रिकॉर्ड में मिली त्रुटियों को ग्राम पंचायत और पटवारी के संयुक्त परीक्षण से चिन्हित करने को कहा। एसडीएम के माध्यम से इनका निराकरण होगा। एक दिसंबर तक रिपोर्ट प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है।

मतदाता सूची में लापरवाही पर नोटिस

मतदाता सूची में नाम नहीं जोडऩे और नए पहचान पत्र नहीं बनाने के मामलों में संबंधित बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। जिले में राजस्व रिकॉर्ड रूम तैयार किया जा रहा है। इससे पुराने अभिलेख सुरक्षित रहेंगे और जरूरत पडऩे पर आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।

युवा उद्यमियों ने बताए सफलता के रास्ते

शिविर में युवा उद्यमियों ने आधुनिक खेती और उद्यानिकी फसलों के उत्पादन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि दूसरे राज्यों तक उपज की आपूर्ति कर अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन, जनपद अध्यक्ष साधना जायसवाल सहित अधिकारी मौजूद रहे।

एतिहासिक बावडिय़ों को मिलेगी नई पहचान

जिले की प्राचीन बावडिय़ों को चिन्हित कर उनके संरक्षण और साफ-सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी। यह निर्देश कलेक्टर कटेसरिया ने ग्राम बिलपांक के भ्रमण के दौरान दिए।

स्वास्थ्य केंद्र में बढ़ेगी डॉक्टरों की उपलब्धता

आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निरीक्षण में कलेक्टर ने स्वास्थ्य सुविधाओं और दवाइयों के स्टॉक की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए एक अतिरिक्त डॉक्टर की व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार कर भोपाल भेजने के निर्देश दिए।

बच्चों के साथ बैठकर चखा भोजन

आंगनबाड़ी केंद्र में कलेक्टर बच्चों के बीच बैठकर भोजन की गुणवत्ता जानी। बच्चों से बातचीत कर पूछा कि उन्हें प्रतिदिन खाने में क्या दिया जाता है। उन्होंने साझा चूल्हा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण और नियमित भोजन करने तथा भोजन व्यवस्था को सेंट्रलाइज करने की दिशा में काम करने के निर्देश दिए।

Updated on:
20 Nov 2026, 9:37 PM IST
Published on: