
अफसरों की बैठक लेते कलेक्टर
रतलाम. महू-नीमच हाईवे स्थित बिलपांक(चिकलिया) टोल पर 9 गेट होने से आए दिन वाहनों की लंबी कतारें लगती है। इस स्थिति से जल्द ही निजात मिलने जा रही है। यहां 9 गेट के स्थान पर अब 12 गेट बनाए जाएंगे जिनसे वाहनों की आवाजाही आसान होगी। आसपास की जमीन का जल्द सीमांकन करने के भी निर्देश कलेक्टर अजय कटेसरिया ने दिए हैं।
कलेक्टर कटेसरिया ने एमपीआरडीसी के एजीएम मानवेंद्र सिंह कनेश को निर्देश दिए कि चिकलिया टोल पर वर्तमान में गेट की संख्या बढ़ाकर 12 की जाए। उन्होंने तहसीलदार मनीष जैन को निर्देश दिए कि टोल क्षेत्र में एमपीआरडीसी की उपलब्ध शेष अधिकृत भूमि का तीन दिवस में सीमांकन कराकर एमपीआरडीसी को उपलब्ध कराएं, ताकि गेट की संख्या 9 से बढ़ाकर 12 करने की आगामी कार्रवाई तत्काल प्रारंभ की जा सके।
12 पुलियाएं होंगी चौड़ी
लेबर-जावरा मार्ग की 12 पुलियाओं के चौड़ीकरण के प्रस्ताव तत्काल तैयार करने के निर्देश भी कलेक्टर ने एमपीआरडीसी अधिकारियों को दिए। ये पुलियाएं लेबर-जावरा मार्ग पर आती है। ये प्रस्ताव भोपाल भेजे जाएंगे। इन पुलियाओं के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इनके चौड़ीकरण से सडक़ सुरक्षा बेहतर होगी तथा वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
कलेक्टर कटेसरिया ने सडक़ निर्माण एवं सडक़ सुरक्षा से जुड़े विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में स्पीड ब्रेकर निर्माण, सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की। स्पीड ब्रेकर का निर्माण सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों, इंडियन रोड कांग्रेस (आईआरसी) के निर्धारित मानकों एवं सडक़ सुरक्षा नियमों के अनुसार ही किया जाए। स्थानीय मांग अथवा दबाव के आधार पर इनका निर्माण नहीं करें, बल्कि निर्धारित तकनीकी एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप बनाए जाएं। इस निर्देश के बाद रतलाम सैलाना मार्ग पर बरवड़ के यहां पुराने स्पीड ब्रेकर हटाकर मानक के अनुसार निर्माण भी शुरू कर दिया गया।
ग्रुप स्पीड ब्रेकर : एक मीटर की दूरी रखें
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ग्रुप स्पीड ब्रेकर निर्माण में निर्धारित एक मीटर की दूरी के नियम का पालन किया जाए। उन्होंने कलेक्टर कार्यालय के बाहर बने ग्रुप स्पीड ब्रेकरों को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप सुधारने के निर्देश दिए।
कम होने की बजाय बढ़े हादसे
कलेक्टर ने कहा कि अनावश्यक एवं अधिक संख्या में बने स्पीड ब्रेकर दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। तेज गति से आ रहा वाहन जब अचानक ब्रेकर के कारण अपनी गति कम करता है, तो पीछे से आने वाले वाहन के टकराने की आशंका बढ़ जाती है। स्पीड ब्रेकर की संख्या बढऩे के बावजूद दुर्घटनाओं एवं मृत्यु की घटनाओं में अपेक्षित कमी नहीं आई है, बल्कि इनके स्वरूप में बदलाव आया है।
बस को मोडऩे के दौरान विद्युत केबल उलझ गई थी
सुखेड़ा बस स्टैंड पर गुरुवार को शाम साढ़े चार बजे एक निजी बस पलटाने के दौरान ऊपर से गुजर रही विद्युत केबल उसमें उलझ गई। बस चालक लाला की निगाह साइड ग्लास में केबल पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल गाड़ी बंदकर गाड़ी के ऊपर चढ़ कर केबल को अलग कर खम्भे पर प्लास्टिक से बांधा कर हादसे को टाल दिया। चालक लाला ने बताया कि बस स्टैंड पर स्थित लटकी केबल को लेकर बिजली कंपनी के कर्मचारियों को अवगत कराया गया किन्तु इस केबल को उंचा नहीं किया। उलझी केबल का पता नहीं चलता और बस आगे बढ़ जाती तो बड़ी घटना हो सकती थी।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
20 Nov 2026, 11:37 AM IST
Published on:
20 Nov 2026, 11:36 AM IST
बड़ी खबरें
View Allरतलाम
मध्य प्रदेश न्यूज़




