रतलाम में मक्का-मूंगफली की खेती बढ़ाने पर जोर, कृषि विभाग के प्रस्तावित आंकड़ों के अनुसार इस साल रतलाम में सोयाबीन का 9 हजार हेक्टेयर क्षेत्र घटेगा, जबकि 4 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में मक्का का रकबा बढऩे की उम्मीद जताई जा रही हैं। कपास में 2027 और मूंगफली 1103 हेक्टेयर क्षेत्र में वृद्धि होगी

रतलाम. जिले में किसान खरीफ सीजन की तैयारियों में जुट गए हैं। प्री-मानसून की दस्तक रतलाम सहित अनेक जिलों में हो चुकी है, जिसके बाद कृषि विभाग ने इस साल की बुवाई के प्रस्तावित आंकड़े जारी किए हैं। मौसम की वर्तमान स्थिति और किसानों के रुझान को देखते हुए इस खरीफ सीजन में फसल पैटर्न में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेगा।
विभाग के अनुमान के अनुसार, इस साल रतलाम में मक्का का रकबा 4 हजार हेक्टेयर से अधिक बढ़ जाएगा। इसके विपरीत, खरीफ सीजन की मुख्य फसल सोयाबीन का रकबा 9 हजार हेक्टेयर से अधिक घट सकता है। गत वर्ष 2 लाख 99 हजार 308 हेक्टेयर में सोयाबीन बोई गई थी, जबकि इस साल इसे 2 लाख 90 हजार हेक्टेयर प्रस्तावित किया गया है।
इसलिए भी बीज संबंधी समस्या
यह कमी पिछले साल सोयाबीन फसल के खराब होने और किसानों को बीज संबंधी समस्याओं का सामना करने के कारण करने का निर्णय किया गया है। इस खरीफ सीजन में कुल 3 लाख 35 हजार 2 हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न फसलें लगाई जानी हैं, जिनमें सोयाबीन, उड़द, मक्का, धान, मूंग, अरहर, कपास, मूंगफली और तिल शामिल हैं। किसानों का रुझान तिलहन फसलों की ओर बढ़ाने के लिए विभाग ने विशेष जोर दिया है।
कपास 2027 हेक्टेयर क्षेत्र में बढ़ेगा
इसी क्रम में कपास का रकबा 2027 हेक्टेयर, मूंगफली का रकबा 1103 हेक्टेयर और तिल का रकबा 1170 हेक्टेयर बढ़ाने की उम्मीद जताई जा रही है। यह बदलाव किसानों को वैकल्पिक और अधिक लाभदायक फसलों की ओर आकर्षित करने का एक प्रयास है।
इनका कहना है…
कृषि विभाग की ओर से फसल विविधिकरण अन्तर्गत मूंगफली एवं मक्का में रकबा बढ़ाया जाना प्रस्तावित हैं। इसके अन्तर्गत मूंगफली में 1103 और मक्का में 4 हजार से अधिक हेक्टेयर क्षेत्र में रकबा बढऩा हैं। सोयाबीन का 9 हजार के करीब कम होना प्रस्तावित हैं।
आरकेसिंह, उपसंचालक कृषि
खरीफ सीजन की स्थिति हेक्टेयर में
फसल क्षेत्रफल प्रस्तावित कमी-वृद्धि
धान 125 130 05
मक्का 28162 32500 4338
सोयाबीन 299308 290000 9308
उड़द 322 850 528
मूंग 113 200 87
अरहर 22 100 78
कपास 8473 10500 2027
मंूगफली 897 2000 1103
तिल 80 1250 1170