रतलाम

सरदार पटेल के विचारों को करें आत्मसात

राष्ट्रीय सरदार पटेल सेना और सर्वसमाज के नेतृत्व में सरदार पटेल जयंती पर रैली में एकता का आह्वान, सौंपा 21 सूत्रीय ज्ञापन, आंबेडकर ग्राउंड से वाहन रैली निकली, विधायक सभागृह में सभा
2 min read
• •
Updated: 31 Oct 2026, 10:37 PM IST
Sardar Patel Jayanti Ratlam Breaking
राष्ट्रीय सरदार पटेल सेना और सर्वसमाज के नेतृत्व में सरदार पटेल जयंती पर रैली में एकता का आह्वान, सौंपा 21 सूत्रीय ज्ञापन, आंबेडकर ग्राउंड से वाहन रैली निकली, विधायक सभागृह में सभा

रतलाम. सरदार वल्लभभाई पटेल हमारे मार्गदर्शक और सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने स्वतंत्रता के बाद देश की 565 रियासतों को एकजुट कर राष्ट्रीय एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी। आज उनके विचारों को आत्मसात कर समाज को एकता के सूत्र में बांधने की आवश्यकता है।

यह बात शनिवार को बरबड़ स्थित विधायक सभागृह में सरदार पटेल जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों ने कही। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शहर में राष्ट्रीय सरदार पटेल सेना और सर्वसमाज के तत्वावधान में अनेक कार्यक्रम हुए। राष्ट्रीय सरदार पटेल सेना और सर्वसमाज के नेतृत्व में आंबेडकर ग्राउंड से वाहन रैली निकाली गई।

इन्होंने किया संबोधित
रथ में कुलदेवी और सरदार पटेल की तस्वीर विराजित थी, महापौर प्रहलाद पटेल के साथ सैकड़ों दुपहिया वाहनों पर भगवा ध्वज लेकर समाजजन जयकारे लगाते हुए शामिल हुए। रैली दो बत्ती, न्यू रोड, लोकेंद्र टॉकीज रोड, सैलाना बस स्टैंड, चेतक ब्रिज और श्रीराम मंदिर होते हुए विधायक सभागृह पहुंची, जहां आमसभा हुई। कार्यक्रम में आरबी सिंह पटेल, रामनरेश यादव, मातृशक्ति भारती पाटीदार और भगवाचार्य प्रज्ञा वैष्णव सहित अतिथियों ने विचार रखे। रास्ते में कई स्थानों पर पुष्पमालाओं से सम्मान किया।

21 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन पटेल को सौंपा
प्रदेश अध्यक्ष महेश पाटीदार ने अतिथियों का सम्मान किया। इस दौरान सिंचाई के लिए पानी, खाद की ई-टोकन व्यवस्था में सुधार, सरकारी कृषि मंडियां खोलने, युवाओं को रोजगार और जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा सहित 21 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन पटेल को सौंपा। स्वागत भाषण कन्हैयालाल पाटीदार सरवन, आभार जमनालाल तितरी ने माना। अध्यक्ष हरेकृष्णा पाटीदार, वैभव पाटीदार, ओमप्रकाश पाटीदार सहित बड़ी संख्या में ग्राम इकाई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सरदार पटेल जयंती पर पाटीदार रेलवे परिवार ने किया याद
पाटीदार रेलवे परिवार ने शनिवार लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती उत्साह के साथ मनाई। इस अवसर पर दो बत्ती निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में परिवार के सदस्यों ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण किया और दीप प्रज्वलित किए। समारोह के दौरान वक्ताओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के निर्माण में सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान तथा उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से उनके दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पाटीदार रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे।

Updated on:
31 Oct 2026, 10:37 PM IST
Published on: