
व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे कलेक्टर एसपी (फोटो सोर्स: Patrika)
Ratlam News : दीपोत्सव के पावन पर्व धनतेरस पर मां लक्ष्मी के दर्शन और पूजन के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की की खासा भीड़ रहेगी। इसी आवाजाही के बढ़ने की संभावना को मद्देनजर रखते हुए मध्य प्रदेश के रतलाम जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में कलेक्टर अजय कटेसरिया एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने शहर के माणक चौक स्थित प्राचीन श्रीमहालक्ष्मी मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
दोनों अधिकारियों द्वारा मंदिर परिसर में पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम दर्शन और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, धनतेरस का पर्व मां लक्ष्मी की आराधना करने, सुख-समृद्धि और मंगलकामना का विशेष अवसर माना जाता है। इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां लक्ष्मी के दर्शन - पूजन के लिए लक्ष्मी मंदिर पहुंचते हैं। रतलाम के माणक चौक स्थित लक्ष्मी जी मंदिर में भी पर्व के दौरान भक्तों की विशेष भीड़ की आवाजाही रहती है। इसे देखते हुए प्रशासन ने समय रहते व्यवस्थाओं का जायजा लेकर मंदिर प्रबंधन के साथ - साथ अधिकारियों को आवश्यक तैयारियों पर ध्यान केंद्रित किया है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कटेसरिया ने मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्व के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उनका जोर इस बात पर रहा कि, भक्तों को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े और धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो। वहीं, पुलिस अधीक्षक कुमार ने मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और व्यवस्थित आवागमन को लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
Updated on:
31 Oct 2026, 4:57 PM IST
Published on:
31 Oct 2026, 4:57 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.