रतलाम

नकली सोना-चांदी के सौदागर चढ़े पुलिस के हत्थे

सोना-चांदी के असली आभूषण और सिक्के दिखाकर नकली सोना और चांदी देकर ठगी करने वाले गिरोह का का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। यह गिरोह हरियाणा, उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में ठगी कर चुका है। पकड़ाए आरोपियों में पिता-पुत्र, बहुएं और एक अन्य हैं।
2 min read
• •
Oct 18, 2026
ratlam news


रतलाम. सोना और सोने के आभूषण के लिए रतलाम की ख्याति को भुनाने के लिए अब नकली आभूषण और सोना-चांदी बेचने वाले गिरोह भी सक्रिय हो गए हैं। ऐसा ही गिरोह माणकचौक पुलिस के हत्थे चढ़ा है। गिरोह में पिता-पुत्र, पत्नी, बहू मिलकर लोगों को असली सोना-चांदी दिखाकर औने-पौने दामों में नकली सोना थमाने वाला गिरोह पकड़ा है। ठगी करने वाला गिरोह हरियाणा से रतलाम आकर किराए का मकान लेकर वारदात को अंजाम देने की कोशिश में था। इससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने छह सदस्यों के इस अंतरराज्यीय गिरोह के कब्जे से नकली सोना, चांदी, असली चांदी के सिक्के, इलेक्ट्रिक तौल कांटा और नकदी बरामद की है। महिलाओं को पुलिस ने शनिवार को कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया जबकि पुरुषों को पुलिस ने रविवार को कोर्ट में पेश किया। इन्हें भी जेल भेज दिया गया।

एसपी अमित कुमार ने पुराने पुलिस नियंत्रण कक्ष में पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 16 अक्टूबर को माणकचौक थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान को मुखबिर से सूचना मिली कि हरियाणा राज्य के फरीदाबाद जिले से आए कुछ संदिग्ध महिला एवं पुरुष नकली सोने-चांदी के आभूषण बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। पुलिस की विशेष टीम ने तीन पुरुष एवं तीन महिला आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने 16 अक्टूबर को मुस्तफा तांबावाला की बर्तन की दुकान पर जाकर नकली सोने का टुकड़ा असली बताकर ठगी करना स्वीकार किया है। इन्होंने व्यापारी को औने-पौने दाम में सोने का टुकड़ा देकर झांसे में ले लिया था। जब उसने इसकी जांच कराई तो वह पीतल का निकला।

व्यापार करने का बोला

आरोपियों के गिरोह ने महावीरनगर में मकान किराए से लिया था। पिछले 11 दिनों से ये यहां रह रहे थे। पुलिस अब मकान मालिक से भी पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ये लोग यहां व्यापार करने का बोलकर मकान किराए से लेकर रह रहे थे। पिछले कई दिनों से बर्तन व्यापारी को ही टारगेट करके उसे जाल में फंसाने का प्रयास कर रहे थे। बर्तन व्यापारी को जो सोना बेचा उसके बदले दो-तीन हजार रुपए भी ये लोग ले चुके थे।

गिरफ्तार आरोपी

- सागर पिता गणेश राठौर (29)

- गणेश पिता गंगाराम राठौर (55)

- रमादेवी पति लक्ष्मण राठौर (420

- सोनिया पति दशरथ राठौर (20)

- डोली पति दीपक राठौर (21)

ये सभी एक ही परिवार के हैं और सभी निवासी पीटी छज्जूराम विद्यालय के पास, आदर्श नगर, बल्लभगढ़, जिला फरीदाबाद, हरियाणा।

- मानसिंह पिता वीरचन्द राय (36) निवासी बदालीखेड़ा, एमजेएसएस पब्लिक स्कूल के पास, कानपुर रोड लखनऊ।

यह जब्त हुआ इनसे

- चांदी के 09 सिक्के - वजन 400 ग्राम।

- नकली चांदी के आभूषण - वजन 2.200 किलोग्राम।

- नकली सोने के आभूषण एवं मूर्ति - वजन 11.800 किलोग्राम।

- नकदी - 30,000।

- इलेक्ट्रिक तौल कांटा - 1 नग।

पुलिस की अपील

एसपी कुमार ने आमजन एवं व्यापारियों से अपील की कि सोने-चांदी के आभूषण खरीदते समय उनकी प्रामाणिकता की जांच अवश्य करें। किसी अनजान व्यक्ति से असामान्य रूप से कम कीमत पर सोना-चांदी नहीं खरीदें। संदिग्ध व्यक्तियों से खरीदी पर ठगी हो सकती है। ऐसी आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Updated on:
18 Oct 2026 09:13 pm
Published on:
18 Oct 2026 09:11 pm