
रतलाम. अचानक चम्बल उपकेंद्र पर रविवार दोपहर करीब 12.15 बजे आग लग गई। इस पर ऑपरेटर ने 12.20 बजे पावर हाउस चौकी स्थित कार्यालय पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही यहां से अधिकारी स्टाफ को लेकर के 12.35 बजे मौके पर पहुंचे। इसके पूर्व वहां पर तैनात कर्मचारियों ने फायर इंस्टीग्विशर से आग को बुझा दिया। अंत में पता चला यह सेफ्टी मार्क ड्रील हैं।
अधिकारी व कर्मचारियों ने आग लगने के कारण की जांच की तो जानकारी मिली कि एक औद्योगिक संस्थान की जा रही कैबल में फाल्ट के दौरान स्पार्किंग से उड़ी चिंगारी से आग लग गई। इसके बाद दल ने सेफ्टी उपकरणों का उपयोग करते हुए सुधार कार्य शुरू किया। इस दौरान जंपर जला होने से उसे भी ठीक किया। आग से जो तार जलकर टूट गए थे। उन्हें जोड़ा गया। दल ने आधे घंटे में बिजली सप्लाई को सुचारू किया।
सुरक्षा उपकरणों के उपयोग की दिलाई शपथ
इस मौके पर लाइनमैन व आउटसोर्स स्टाफ को सेफ्टी ड्रिल भी किया गया। लाइन पर कार्य करने के दौरान डिस्चार्ज रॉड, हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, हैंड ग्लब्स, झूला, इत्यादि उपकरणों का उपयोग करके ही लाइन पर कार्य करने की शपथ दिलाई। इस मौके पर उच्चदाब प्रभारी वीएस मरकाम, टीएचजी के सहायक यंत्री अंकुर शर्मा लाइनमैन रामचंद्र मालवीय, दुर्गाशकर पाटीदार, राजू निनामा के अलावा आउट सोर्स कर्मचारी उपस्थित थे।
सीएम हेल्पलाइन ग्रेडिंग में रतलाम बिजली कंपनी को ए ग्रेड
सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निराकरण के मामले में बिजली कंपनी के रतलाम जिले ने सितंबर माह की ग्रेडिंग में ए ग्रेड हासिल की है। भोपाल से जारी ग्रेडिंग में मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अंतर्गत आने वाले सभी 15 जिलों को ए ग्रेड मिली है। जारी सूची के अनुसार इंदौर, उज्जैन, शाजापुर, आगर, देवास, धार, रतलाम, मंदसौर, नीमच, खरगोन, खंडवा, बड़वानी, बुरहानपुर, झाबुआ और आलीराजपुर जिलों ने यह उपलब्धि हासिल की है। सीएम हेल्पलाइन 181 पर दर्ज शिकायतों के निराकरण में शाजापुर जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा।
उपभोक्ताओं की शिकायतों के निराकरण
कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक प्रकाश सिंह चौहान ने बताया कि प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह के निर्देशानुसार उपभोक्ताओं की शिकायतों के निराकरण और सेवा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए कंपनी मुख्यालय के साथ इंदौर और उज्जैन रीजन तथा सभी जिलों में शिकायत निवारण प्रक्रिया की लगातार समीक्षा की जा रही है। ताकि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराते रहें।