शहर में 13 अगस्त को ऐतिहासिक रूप से 22000 फीट लंबाई का तिरंगा झंडा फहराया गया।
रतलाम. देशबर में 'हर घर तिरंगा अभियान' हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। 13 से 15 अगस्त के बीच मनाए जाने वाले इस अभियान की तर्ज पर मध्य प्रदेश के रतलाम शहर में 13 अगस्त को ऐतिहासिक रूप से 22000 फीट लंबाई का तिरंगा झंडा फहराया गया। हजारों लोगों की उपस्थिति में स्थानीय कालिका माता मंदिर परिसर स्थित झाली तलाब की पूरी गोलाई में 22 हजार स्क्वायर फीट आकार का तिरंगा फहराया गया। इस मौके पर रतलाम महापौर प्रह्लाद पटेल के अलावा, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारियों के साथ साथ आमजन मौजूद रहे।
महापौर प्रह्लाद पटेल और विधायक की मंशा अनुसार कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी की पहल पर रतलाम नगर निगम द्वारा निगमायुक्त अभिषेक गहलोत के निर्देशन में अल्प अवधि में 22 हजार स्क्वायर फीट का तिरंगा तैयार कर ऐतिहासिक झाली तालाब पर फहराया गया। इस अद्भुत नजारे को शहरभर के हजारों लेगों ने देखा। वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत था। जोश के साथ लगे राष्ट्रीय सम्मान के नारों से परिसर गूंज उठा। नागरिकों ने हृदय की गहराइयों से तिरंगे के साथ अपनी आत्मीयता और गौरव को आत्मसात किया।
महापौर बोले- शहर ने इतिहास रचा
इस दौरान महापौर प्रह्लाद पटेल ने कहा कि, शहर ने इतिहास रचा है। ये राष्ट्र गौरव में अभिवृद्धि के इन क्षणों में उपस्थित हजारों लोग अभिभूत हैं। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से जन-जन अपने हृदय की गहराइयों के साथ राष्ट्रध्वज के गौरव से जुड़ा है। उन्होंने ये भी कहा कि, अभियान में व्यापक रूप से आमजन तिरंगा यात्राओं में सम्मिलित हो रहे हैं। इसी बीच शहर विधायक ने कहा कि, विशाल ध्वज निर्माण द्वारा रतलाम शहर का नाम रोशन किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि यह राष्ट्र गौरव का क्षण है, आम नागरिक राष्ट्र भावना से सराबोर है। इसके साथ ही डीआईजी सुशांत सक्सेना, कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी और एसपी अभिषेक तिवारी ने आरआई कंवर पाल सिंह के साथ यात्रा में शामिल हुए।