रतलाम

रतलाम के गुलाब चक्कर में कार्यक्रम करना अब नहीं होगा मुफ्त, हर आयोजन पर लगेगी फीस

1 दिसंबर से लागू होगी नई शुल्क नीति, सप्ताह के दिनों और शनिवार-रविवार के लिए अलग-अलग दरें तय, अनुमति लेना भी अनिवार्य, परिसर की संपत्ति को नुकसान पहुंचा तो आयोजक से होगी वसूली
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 10:44 PM IST
ratlam gulab chakkar latest news
1 दिसंबर से लागू होगी नई शुल्क नीति

रतलाम। शहर के गुलाब चक्कर परिसर में अब सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन करना मुफ्त नहीं होगा। यहां कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आयोजकों को शुल्क चुकाना पड़ेगा। अब तक विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए उपयोग में आने वाले इस परिसर के इस्तेमाल पर जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद ने नई शुल्क नीति लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत सप्ताह के दिनों में आयोजन करने वालों को 500 से 1000 रुपए तक और शनिवार-रविवार को कार्यक्रम करने वालों को 1500 से 3000 रुपए तक शुल्क देना होगा। नई व्यवस्था 1 दिसंबर से प्रभावी होगी। परिषद ने परिसर के व्यवस्थित उपयोग, साफ-सफाई, रखरखाव और आयोजनों के बेहतर संचालन के उद्देश्य से यह व्यवस्था निर्धारित की है।

एक माह में कार्यक्रम बढ़ने के साथ दोगुना होगा शुल्क

जारी आदेश के अनुसार, सोमवार से शुक्रवार तक किसी व्यक्ति या संस्था को एक कैलेंडर माह में पहला कार्यक्रम आयोजित करने के लिए 500 रुपए शुल्क देना होगा। इसी माह में दूसरा कार्यक्रम आयोजित करने पर शुल्क बढ़कर 1000 रुपए हो जाएगा। इसके बाद होने वाले प्रत्येक अतिरिक्त कार्यक्रम के लिए भी 1000 रुपए चुकाने होंगे। यानी एक ही माह में बार-बार परिसर का उपयोग करने वालों को निर्धारित दर के अनुसार भुगतान करना पड़ेगा।

इन दिन लगेगा अतिरिक्त शुल्क

वहीं, शनिवार और रविवार को कार्यक्रम आयोजित करना अपेक्षाकृत महंगा होगा। इन दो दिनों में एक कैलेंडर माह का पहला कार्यक्रम आयोजित करने पर 1500 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है। इसी माह में दूसरा और उसके बाद प्रत्येक अतिरिक्त कार्यक्रम के लिए 3000 रुपए देने होंगे। इस तरह सप्ताहांत में आयोजन करने वालों को सामान्य कार्यदिवसों की तुलना में तीन गुना तक शुल्क चुकाना पड़ सकता है।

बिना अनुमति नहीं कर सकेंगे परिसर का उपयोग

नई व्यवस्था के तहत गुलाब चक्कर परिसर में किसी भी तरह का सामाजिक, सांस्कृतिक या अन्य कार्यक्रम आयोजित करने से पहले जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद, रतलाम से विधिवत अनुमति लेना अनिवार्य होगा। संबंधित व्यक्ति या संस्था को निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ निर्धारित शुल्क भी परिषद के कार्यालय में जमा कराना होगा। बिना अनुमति परिसर में कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जा सकेगा।

सरकारी आयोजन के लिए निरस्त हो सकती है अनुमति

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी निर्धारित तिथि पर परिसर में शासकीय कार्यक्रम आयोजित किया जाना है तो पहले से दी गई अनुमति निरस्त की जा सकती है। ऐसी स्थिति में आयोजक द्वारा जमा कराया गया शुल्क वापस किया जाएगा। इसके अलावा आयोजक की सहमति और मांग पर आगामी उपलब्ध तिथि में कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति भी दी जा सकेगी। यानी पहले से अनुमति मिलने के बावजूद शासकीय आयोजन की स्थिति में तारीख बदल सकती है।

सफाई से लेकर नुकसान की भरपाई तक आयोजक की जिम्मेदारी

कार्यक्रम आयोजित करने वाली संस्था या व्यक्ति को आयोजन के दौरान परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा और उपलब्ध सुविधाओं का ध्यान रखना होगा। परिसर में लगे संसाधनों अथवा किसी भी संपत्ति को नुकसान पहुंचने पर उसकी भरपाई आयोजक को स्वयं करनी होगी। इसके साथ ही बाहर से पेय और भोज्य पदार्थ लाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। आयोजकों और कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों को खाद्य एवं पेय सामग्री केवल परिसर में संचालित कैंटीन से ही लेनी होगी।परिषद ने यह भी निर्देशित किया है कि आयोजन के दौरान शासन और प्रशासन की ओर से समय-समय पर जारी किए जाने वाले सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। नई शुल्क नीति के लागू होने के बाद गुलाब चक्कर में कार्यक्रम आयोजित करने वालों को अब तारीख तय करने के साथ शुल्क, अनुमति और आयोजन से जुड़ी शर्तों का भी ध्यान रखना होगा।

Updated on:
16 Nov 2026, 10:44 PM IST
Published on: