
रतलाम। बारिश कम हुई तो अब शहर में पानी की हर बूंद का हिसाब रखा जाएगा। जलापूर्ति के लिए चल रहे 350 से अधिक बोरवेल से कितना पानी निकाला जा रहा है और उसका उपयोग कहां हो रहा है, इसकी निगरानी मीटर से होगी। धोलावाड़ जलाशय में शेष पानी का आकलन भी किया जाएगा। अल्प वर्षा के बीच यदि पानी की बर्बादी पर समय रहते रोक नहीं लगी तो आने वाले दिनों में शहर को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। इसे देखते हुए प्रशासन ने जलापूर्ति व्यवस्था पर निगरानी बढ़ाने और अनावश्यक पानी के उपयोग पर सख्ती करने की तैयारी की है।
बैठक में बोरवेल की स्थिति जानी, मीटर लगाने के निर्देश
मंत्री चेतन्य काश्यप ने महापौर प्रहलाद पटेल और कलेक्टर अजय कटेसरिया की मौजूदगी में नगर निगम अधिकारियों के साथ जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में सबसे पहले शहर में पानी की उपलब्धता और वितरण के मौजूदा इंतजामों की जानकारी ली गई। निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में 350 से अधिक बोरवेल चालू हैं और इनके माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों में जलापूर्ति की जा रही है।
आकलन करने के निर्देश
इस पर मंत्री ने सभी बोरवेल से होने वाली जलापूर्ति का मीटर के माध्यम से आकलन करने के निर्देश दिए। इससे यह पता चल सकेगा कि किस बोरवेल से कितना पानी निकाला जा रहा है। साथ ही जरूरत से अधिक पानी के उपयोग को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जलापूर्ति के संसाधन उपलब्ध होने का मतलब यह नहीं कि पानी का मनमाना उपयोग किया जाए। हर स्तर पर पानी की बचत जरूरी है।
धोलावाड़ में कितना पानी बचा, होगी जांच
बैठक में शहर की जलापूर्ति के प्रमुख स्रोत धोलावाड़ जलाशय की स्थिति पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने जलाशय में उपलब्ध पानी का आकलन करने के निर्देश दिए, ताकि मौजूदा भंडार और आगामी जरूरतों के बीच तालमेल बैठाया जा सके। जलाशय में लगाए गए फ्लोटिंग पंप की कार्यप्रणाली और उसकी उपयोगिता की जानकारी भी ली गई। अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि जलाशय से पानी लेने और उसे शहर तक पहुंचाने की व्यवस्था में कोई बाधा नहीं रहे। उपलब्ध पानी का वास्तविक आकलन होने के बाद ही आगे की जलापूर्ति योजना को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा।
पाइपलाइन लीकेज तत्काल सुधारने के निर्देश
समीक्षा के दौरान पाइपलाइन में टूट-फूट और जल वितरण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का मुद्दा भी उठा। मंत्री ने ऐसी समस्याओं का तत्काल निराकरण करने को कहा। पाइपलाइन में लीकेज के कारण बड़ी मात्रा में पानी व्यर्थ बहता है। इसलिए वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी करने और जहां भी खराबी सामने आए, उसे प्राथमिकता से ठीक करने के निर्देश दिए गए।
अगली बारिश तक संभालना होगा जल प्रबंधन
मंत्री ने कहा कि आगामी वर्षाकाल तक शहर की जलापूर्ति सुचारु बनाए रखना प्रशासन और नगर निगम की जिम्मेदारी है। इसके लिए अभी से योजनाबद्ध तरीके से काम करना होगा। पानी का अनावश्यक उपयोग रोकने, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने और वितरण व्यवस्था पर लगातार नजर रखने की जरूरत है। अल्प वर्षा की स्थिति को देखते हुए जल संरक्षण को प्राथमिकता देना जरूरी है। बैठक में निगम आयुक्त अनिल भाना, कार्यपालन यंत्री जल प्रदाय राहुल जाखड़, प्रभारी सहायक यंत्री भय्यालाल चौधरी, उपयंत्री दिलीप सूर्यवंशी और मनीष तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।