
रतलाम। अगर आप भारी-भरकम बिजली के आ रहे बिल से परेशान है तो ये खबर आपके लिए है। देश के पश्चिम रेलवे के सबसे महत्वपूर्ण रेलमंडल रतलाम ने एक एेसा कार्य किया, जिससे अब वह सवा करोड़ रुपए की बचत कर रहा है। आप चाहते है कि आपका बिजली का बिल कम आए तो ये काम आप भी कर सकते हैं। बस आपको अपने घर में एलइडी को लगाना होगा। इससे न सिर्फ आप अपनी जेब को बचा पाएंगे, बल्कि देश के लिए उर्जा बचत में भी योगदान देंगे।
रेलमंडल में एलइडी व सोलर पैनल लगाकर सवा करोड़ रुपए से कुछ अधिक राशि की ऊर्जा की बचत करने के काम की शुरुआत हुई है। मंडल के इलेक्ट्रिक इंजीनियरिंग विभाग ने 13.32 लाख यूनिट बिजली की बचत प्रतिवर्ष सिर्फ रेलवे स्टेशन पर एलइडी लगाकर करना शुरू कर दी है। इसके अलावा पीपीपी मोड पर सोलर पैनल भी लगाए गए है।
एलइडी लगाने का कार्य पूरा हो गया
मंडल के 128 रेलवे स्टेशन पर एलइडी लगाने का कार्य पूरा हो गया है। इनमें कुल 12686 एलईडी लाइट लगाई गई है। इसके अलावा रेलवे अस्पताल, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, रेलवे कॉलोनी की स्ट्रीट लाइट आदि पर भी एलइडी को लगाया गया है। स्टेशन के अलावा इन स्थान पर 7600 एलइडी लगाई गई है। ये वो जगह जहां पर करीब 60 लाख रुपए माह का बिजली बिल आता था।
25 गेट पर सोलर पैनल
इतना ही नहीं, मंडल के बिजली इंजीनियरिंग विभाग ने मंडल के 25 गेट पर 640 किलोवॉट के सोलर पैनल भी लगाए है। गेट पर सिग्नल व गेट चलाने में बिजली की जरुरत होती थी। रेलवे के अनुसार इससे 10 प्रतिशत उर्जा ही अब व्यय हो रही है, जबकि पूर्व में 165 केवी बिजली से इसको चलाया जाता था।
1.23 करोड़ की होगी बचत
रेलवे के अनुसार सोलर पैनल आदि की खपत व बचत को देखे तो सालाना रेलवे 1.23 करोड़ रुपए की बिजली में बचाएगा। यूनिट में देखे तो 43.08 लाख यूनिट की कुल सालाना बिजली की बचत होगी। ये बचत तब हो रही है, जबकि रेलवे ने मंडलों के प्लेटफॉर्म पर एस्केलेटर, लिफ्ट आदि को लगाया है। इसके अलावा गर्मी में लगातार पंखों को चलाया जा रहा है।
फैक्ट फाइल
मंडल में कुल स्टेशन पर एलइडी लगी-128
कुल एलइडी लगाई-12686
स्टेशन पर बिजली की बचत-13.32 लाख यूनिट सालाना।
रुपए में बिजली की बचत-1 करोड़ रुपए।
रतलाम में कुल लगी एलइडी-7600
बिजली का बिल बचा-59.60 करोड़ रुपए।
सोलर प्रणाली से लाभ-43.08 यूनिट सालाना बिजली का।
कुल बिजली की राशि में बचत-1.23 करोड़ रुपए वर्ष की।
सभी को प्रेरित कर रहे
एलइडी से उर्जा की बड़ी बचत हो रही है। इसके लिए हम तो सभी को प्रेरणा दे रहे है कि एलइडी का प्रयोग करें, जिससे उर्जा की बचत हो। न सिर्फ उर्जा की, बल्कि इससे बिजली के बिल में रुपए की बचत भी होती है।
- आरएन सुनकर, मंडल रेल प्रबंधक, रतलाम रेल मंडल